



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर, हमीरपुर में वसंत पंचमी का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, उल्लास एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। इस शुभ अवसर पर संपूर्ण विद्यालय परिसर पीले रंग की छटा से जगमगा उठा, जो वसंत ऋतु की उमंग, नवीनता एवं सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक प्रतीत हो रहा था।

कार्यक्रम की शुरुआत बाल वाटिका–1 से कक्षा दूसरी तक के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा माँ सरस्वती की वंदना एवं मंत्रोच्चारण से हुई। पीले वस्त्रों में सजे बच्चों की मासूम प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।



उनकी मधुर वाणी और अनुशासनबद्ध प्रस्तुति ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। इसके पश्चात कक्षा तीसरी से पाँचवीं तक के विद्यार्थियों द्वारा पतंग चित्रण गतिविधि आयोजित की गई।




बच्चों ने अपनी कल्पनाशक्ति और रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रंग-बिरंगी पतंगें बनाईं। इन कलाकृतियों में वसंत ऋतु की उमंग, उल्लास और जीवन्तता स्पष्ट रूप से झलक रही थी।

वहीं कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों द्वारा संस्कृत सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने संस्कृत भाषा में सरस्वती वंदना प्रस्तुत की तथा माँ सरस्वती के वीणा का सुंदर चित्र बनाकर अपनी कला-प्रतिभा और सांस्कृतिक चेतना का परिचय दिया।


सभा का वातावरण पूर्णतः आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायक बन गया। विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को वसंत पंचमी के महत्व से अवगत कराते हुए इसे ज्ञान, विद्या, संस्कृति और नव आरंभ का पर्व बताया।

उन्होंने कहा कि यह पर्व विद्यार्थियों में सीखने की भावना, अनुशासन और सकारात्मक सोच को विकसित करता है।

अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कार्यक्रम को सफल बताया तथा भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों के निरंतर आयोजन की बात कही।
















Total Users : 125072
Total views : 189155