



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, जिला हमीरपुर राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानंद जी की जयंती 12 जनवरी से लेकर 23 जनवरी नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा युवा पखवाड़ा के रूप में जिले भर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

इसी क्रम में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला हमीरपुर द्वारा सुजानपुर, नादौन, चकमोह, बड़सर, भोरंज एवं हमीरपुर के विभिन्न स्थानों पर रचनात्मक एवं जागरूकता आधारित गतिविधियाँ आयोजित की गईं।

यह जानकारी देते हुए एबीवीपी जिला हमीरपुर के मीडिया संयोजक जतीन धीमान ने बताया कि युवा पखवाड़ा का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभाव, सामाजिक जिम्मेदारी, अनुशासन एवं सकारात्मक जीवन मूल्यों का विकास करना है।

उन्होंने कहा कि आज का युवा तेजी से मोबाइल और डिजिटल स्क्रीन तक सीमित होता जा रहा है, जिससे शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। इसी चुनौती को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थी परिषद द्वारा #ScreenTimeToActivityTime अभियान चलाया गया।
युवा पखवाड़ा के अंतर्गत जिले में खेलकूद प्रतियोगिताएं, चित्रकला प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, जागरूकता अभियान, नशे के विरुद्ध पर्चा वितरण एवं विचार संगोष्ठियों का आयोजन किया गया।
इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खेलकूद गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली, टीम भावना एवं अनुशासन का संदेश दिया गया, वहीं चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं ने युवाओं को अपनी रचनात्मकता और विचार व्यक्त करने का मंच प्रदान किया।
नशे के विरुद्ध चलाए गए जागरूकता अभियानों के दौरान विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने शिक्षण संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पर्चा वितरण कर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया और नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया।
संगोष्ठी कार्यक्रमों में स्वामी विवेकानंद के जीवन, उनके विचारों, वेदांत दर्शन तथा युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि स्वामी विवेकानंद और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे महापुरुषों के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
मीडिया संयोजक जतीन धीमान ने बताया कि अब तक पूरे जिले में 17 कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिन्हें समाज से व्यापक सराहना मिली है।
उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद भविष्य में भी युवाओं को सकारात्मक दिशा देने, नशामुक्त समाज के निर्माण एवं राष्ट्र सेवा के लिए ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करती रहेगी।
Post Views: 78



















Total Users : 125123
Total views : 189258