



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राजत्व दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि पूर्ण राजत्व दिवस केवल एक ऐतिहासिक उपलब्धि का स्मरण नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाने के संकल्प को दोहराने का अवसर है।



इस अवसर पर अनुराग सिंह ठाकुर ने अपने दिल्ली स्थित आवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात को आगंतुकों के साथ सुना। कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री द्वारा देशवासियों से साझा किए गए प्रेरक विचारों और जनभागीदारी के संदेशों ने सभी को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया।




अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा, “प्रकृति की नैसर्गिक सुन्दरता की भूमि, देवी-देवताओं की पावन धरा, वीरों के शौर्य, पराक्रम व त्याग तथा पुरातन सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राजत्व दिवस पर मैं सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।
भारत की विकास यात्रा में हिमाचल प्रदेश का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। यह हमारा गौरव और हमारी ताकत है। हिमाचल के लोगों ने अपनी मेहनत और समर्पण के बल पर देश-दुनिया में एक सशक्त पहचान बनाई है।”

उन्होंने आगे कहा कि पूर्ण राजत्व दिवस प्रदेश की संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास को स्मरण करने के साथ-साथ भविष्य की दिशा तय करने का अवसर है।
“यह दिन हमें एकजुटता, सामाजिक समरसता और विकास के साझा लक्ष्य के लिए प्रेरित करता है। मैं बाबा बालकनाथ से राज्य की निरंतर प्रगति और सभी हिमाचलवासियों के कल्याण की कामना करता हूं तथा आह्वान करता हूं कि हम सभी मिलकर हिमाचल को विकसित प्रदेश बनाने का संकल्प लें,” उन्होंने कहा।
मन की बात कार्यक्रम पर अपने विचार रखते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जन-जन की भागीदारी, स्वच्छता, नवाचार, आत्मनिर्भर भारत और सांस्कृतिक गौरव जैसे विषयों पर प्रेरणादायी संदेश देकर देशवासियों को सकारात्मक दिशा दी है।
“मन की बात केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण से जुड़ने का माध्यम है, जो समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है,” उन्होंने कहा।

इस अवसर पर बड़सर विधायक इंदरदत्त लखनपाल ने बड़सर मंडल के पदाधिकारियों के साथ मिलकर मन की बात कार्यक्रम को अनुराग सिंह ठाकुर के साथ सुना और प्रधानमंत्री के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।















Total Users : 125182
Total views : 189357