हिम अकादमी स्कूल में भव्यता व राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया गया 77वाँ गणतंत्र दिवस

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिम अकादमी पब्लिक स्कूल में 77वाँ गणतंत्र दिवस अत्यंत गरिमामय, उत्साहपूर्ण एवं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

 

इस अवसर पर विद्यालय परिसर को तिरंगे झंडों, पुष्पों एवं देशभक्ति से संबंधित आकर्षक सजावट से भव्य रूप दिया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर दिखाई दिया।

 

कार्यक्रम की शुरुआत भव्य परेड से हुई, जिसमें विद्यालय के विद्यार्थियों ने अनुशासन, एकता एवं देशभक्ति का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।

 

इसके पश्चात ध्वजारोहण (फ्लैग होस्टिंग) का आयोजन किया गया, जो विद्यालय प्रबंधन की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।

 

इस अवसर पर विद्यालय चेयरमैन प्रोफेसर आर.सी. लखनपाल, वाइस चेयरपर्सन सी. पी. लखनपाल, विद्यालय निदेशक इंजीनियर पंकज लखनपाल, प्रधानाचार्या नैना लखनपाल, अकादमी प्रधानाचार्य डॉ. हिमांशु शर्मा, प्रधानाचार्या हीरानगर शशिबाला, उप-प्रधानाचार्य अश्विनी कुमार, मुख्याध्यापिका कंचन लखनपाल, विद्यालय समन्वयक सहित समस्त शिक्षकगण एवं कर्मचारीवर्ग उपस्थित रहे।

 

ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया, जिससे पूरा परिसर “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, भाषण एवं नाट्य प्रस्तुतियों ने सभी को भावविभोर कर दिया।

 

इन प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम, संविधान निर्माण तथा देश की एकता और अखंडता को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। विद्यार्थियों का आत्मविश्वास, अनुशासन एवं मंचीय प्रस्तुति सराहनीय रही।

 

इस अवसर पर चेयरमैन प्रोफेसर आर.सी. लखनपाल ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि “देश का भविष्य आज के विद्यार्थियों के हाथों में है और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही सशक्त भारत की नींव है।” समारोह का समापन मिष्ठान वितरण एवं राष्ट्रहित की शपथ के साथ हुआ।

 

संपूर्ण कार्यक्रम देशभक्ति, अनुशासन और उत्साह से परिपूर्ण रहा। 77वें गणतंत्र दिवस का यह आयोजन सभी के लिए प्रेरणादायक, स्मरणीय एवं गौरवपूर्ण सिद्ध हुआ।