उज्ज्वल भविष्य की ओर कदम: हिम अकादमी स्कूल में करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर (हमीरपुर) में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से एक भव्य करियर मार्गदर्शन एवं काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों तथा बदलते समय के अनुरूप करियर विकल्पों की संपूर्ण जानकारी प्रदान करना था, ताकि वे सही निर्णय लेकर अपने भविष्य को सफल दिशा दे सकें।
कार्यक्रम में शैक्षणिक जगत का प्रतिनिधित्व कर रहे विभिन्न संस्थानों से आए गणमान्य प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से अकादमिक प्रधानाचार्या डॉ. हिमांशु शर्मा, उप-प्रधानाचार्य  अश्वनी कुमार तथा प्रशासनिक अधिकारी प्राकृत लखनपाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस करियर काउंसलिंग सत्र में हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर, हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, हीरा नगर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय माटाहनी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अमरोह तथा जवाहर नवोदय विद्यालय, डूंगरी के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कार्यक्रम का भरपूर लाभ उठाया।
 इस विशेष अवसर पर देश की अनेक प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटियों एवं शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें बद्दी यूनिवर्सिटी, सी.जी.सी. लांद्रां, शूलिनी यूनिवर्सिटी, एस.जी.टी. यूनिवर्सिटी (गुरुग्राम), गुरु काशी यूनिवर्सिटी, पर्ल अकादमी, आई.आई.एल.एम. यूनिवर्सिटी, प्रठूमतानी यूनिवर्सिटी (थाईलैंड), एस.वी.आई.ई.टी., हिम अकादमी हमीरपुर, पी.टी.यू. यूनिवर्सिटी, बेनेट यूनिवर्सिटी, चितकारा यूनिवर्सिटी, पारुल यूनिवर्सिटी, एमिटी यूनिवर्सिटी, एस.आई.ई.सी. यूनिवर्सिटी तथा जे.पी. यूनिवर्सिटी प्रमुख रूप से शामिल रहीं।
सभी विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को अपने-अपने संस्थानों में उपलब्ध पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया, छात्रवृत्तियों, प्लेसमेंट अवसरों एवं भविष्य की करियर संभावनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
 कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग, मेडिकल, मैनेजमेंट, लॉ, डिजाइन, फार्मेसी, होटल मैनेजमेंट, आईटी सहित विभिन्न प्रोफेशनल कोर्सों से संबंधित मार्गदर्शन दिया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपने प्रश्न पूछे और विशेषज्ञों से व्यक्तिगत परामर्श प्राप्त किया।
यह संवादात्मक सत्र विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुआ, जिससे उन्हें अपनी रुचि एवं क्षमता पहचानने में विशेष सहायता मिली। यह संपूर्ण करियर काउंसलिंग कार्यक्रम शिक्षक प्रभारी हरीश शर्मा एवं श्री अनूप रांगड़ा के कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
 उनके नेतृत्व में कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं उद्देश्यपूर्ण ढंग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन द्वारा सभी अतिथि प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया गया तथा विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया कि वे सही मार्गदर्शन के आधार पर लक्ष्य निर्धारित करें और निरंतर परिश्रम से सफलता प्राप्त करें।
यह करियर मार्गदर्शन सत्र विद्यार्थियों के लिए न केवल ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ, बल्कि उनके आत्मविश्वास और निर्णय क्षमता को भी नई दिशा देने वाला रहा।