



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन द्वारा प्रस्तुत वित्त वर्ष 2026-27 के आम बजट को विकसित भारत के लक्ष्य और युवा आकांक्षाओं को साकार करने वाला ऐतिहासिक बजट बताया है।
उन्होंने इसे संतुलित, समावेशी और समाज के हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया दूरदर्शी बजट करार दिया।



अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार भारत को निरंतर प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ाते हुए विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।



उन्होंने कहा कि यह बजट आर्थिक संप्रभुता, समावेशी विकास और संसाधनों के न्यायपूर्ण वितरण के तीन प्रमुख दायित्वों को प्रतिबिंबित करता है। रोजगार सृजन, विकास को गति और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता इस बजट में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।
उन्होंने आगे कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर और विकसित भारत की नींव को और सुदृढ़ करने वाला है। यह बजट गरीबों, महिलाओं, युवाओं, किसानों, मध्यम वर्ग और अन्य जरूरतमंद वर्गों के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

पिछले 12 वर्षों में भारतीय अर्थव्यवस्था की परिवर्तनकारी यात्रा को आगे बढ़ाते हुए यह बजट नए भारत की नई कार्यसंस्कृति और विकास दृष्टिकोण को दर्शाता है। उन्होंने विशेष रूप से रेखांकित किया कि सार्वजनिक पूंजीगत व्यय (Public Capital Expenditure) पिछले वर्ष के 11.2 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 12.2 लाख करोड़ रुपये हो गया है, जो भारत को भविष्य की मजबूत अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में ठोस आधार तैयार करेगा।
खेल क्षेत्र के संदर्भ में अनुराग सिंह ठाकुर ने ‘खेलो इंडिया मिशन’ की नई पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को निखारने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि खेल विज्ञान और प्रौद्योगिकी का एकीकरण, खेल संस्कृति को बढ़ावा देने, प्रतियोगिताओं और लीग का आयोजन तथा आधुनिक खेल ढांचे का विकास देश में खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करेगा।
उन्होंने बजट में एवीजीसी (Animation, Visual Effects, Gaming and Comics) क्षेत्र को उद्योग का दर्जा देने के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे 2030 तक लगभग 20 लाख पेशेवरों के लिए अवसर पैदा होंगे।

मुंबई में भारतीय क्रिएटिव टेक्नोलॉजी संस्थान की स्थापना तथा 15,000 माध्यमिक विद्यालयों और 500 महाविद्यालयों में एवीजीसी कंटेंट क्रिएटर लैब स्थापित करने का प्रस्ताव सराहनीय है।
इन लैब्स में छात्रों को गेम डिजाइन, एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स और डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन की आधुनिक ट्रेनिंग मिलेगी। साथ ही नए राष्ट्रीय डिजाइन स्कूल खोलने का निर्णय क्रिएटिव और तकनीकी कौशल को संस्थागत मजबूती देगा और गेमिंग व क्रिएटिव इंडस्ट्री में 10 लाख से अधिक रोजगार सृजित करेगा।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है और यह बजट देश की विकास यात्रा को और गति देगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास के लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्यरत है, जिसकी स्पष्ट झलक इस बजट में देखने को मिलती है।















Total Users : 125123
Total views : 189258