इनोवेंचर 2025–26 में हिम अकादमी का परचम: चिन्मय चौधरी बने राष्ट्रीय सेमी-फाइनलिस्ट

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :-  हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर के लिए यह अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि विद्यालय के प्रतिभाशाली छात्र चिन्मय चौधरी ने इनोवेंचर 2025–26 जैसी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम देशभर में गौरवान्वित किया है।

 

उनके राष्ट्रीय सेमी-फाइनलिस्ट के रूप में चयन ने न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र को सम्मानित किया है। उल्लेखनीय है कि इनोवेंचर भारत की एक प्रमुख नवाचार एवं विचार-सृजन आधारित प्रतियोगिता है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, समस्या-समाधान क्षमता तथा नवोन्मेषी दृष्टिकोण को विकसित करना है।

 

इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से हजारों विद्यार्थियों ने भाग लेकर इसे अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक बना दिया। राष्ट्रीय सेमी-फाइनल के साक्षात्कार चरण में चिन्मय चौधरी ने अपनी मौलिक सोच, आत्मविश्वासपूर्ण अभिव्यक्ति और सशक्त प्रस्तुति से निर्णायक मंडल को विशेष रूप से प्रभावित किया।

 

उनके उल्लेखनीय प्रदर्शन के परिणामस्वरूप उन्होंने राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा राष्ट्रीय स्तर पर 34वाँ स्थान हासिल कर एक नई उपलब्धि अपने नाम की। यह सफलता उनके निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का स्पष्ट प्रमाण है।

 

इस उपलब्धि के सम्मान में विद्यालय परिसर में एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अकादमिक प्रधानाचार्या डॉ. हिमांशु शर्मा एवं मुख्याध्यापिका कंचन लखन पाल ने चिन्मय चौधरी को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।

 

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि चिन्मय की सफलता विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। विद्यालय परिवार ने इस गौरवपूर्ण सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आशा जताई कि चिन्मय चौधरी भविष्य में भी अपनी प्रतिभा, नवाचार और आत्मविश्वास से नए कीर्तिमान स्थापित कर हिम अकादमी पब्लिक स्कूल का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करते रहेंगे।