आशीर्वाद, स्मृतियाँ और संकल्पों के संग कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों को भावपूर्ण विदाई

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकासनगर हमीरपुर में कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों के सम्मान में एक गरिमामय एवं भावनात्मक आशीर्वाद समारोह का आयोजन किया गया।

यह आयोजन विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन के एक महत्वपूर्ण अध्याय के समापन और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं का सजीव प्रतीक बना।

समारोह में विद्यालय परिवार के वरिष्ठ पदाधिकारियों, शिक्षकगण एवं कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और भी बढ़ा दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के माननीय चेयरमैन प्रो. आर.सी. लखनपाल, चेयरपर्सन सी.पी. लखनपाल, निदेशक इंजीनियर पंकज लखनपाल, प्रधानाचार्या इंजीनियर नैना लखनपाल, अकादमिक प्रधानाचार्या डॉ. हिमांशु शर्मा, उपप्रधानाचार्य अश्वनी शर्मा, सहित विद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षकगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसने पूरे वातावरण को सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिकता से भर दिया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी को भावविभोर कर दिया। गीत, नृत्य और भावपूर्ण प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने विद्यालय में बिताए अपने अनुभवों, संघर्षों और उपलब्धियों को सजीव रूप में प्रस्तुत किया।

 

प्रधानाचार्या नैना लखनपाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर परिश्रम अत्यंत आवश्यक हैं।

 

उन्होंने विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अकादमिक प्रधानाचार्या डॉ. हिमांशु शर्मा ने भी विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और कठिन परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने का संदेश दिया।

 

 

इस अवसर पर आदर्श मन्हास ( छात्र प्रमुख) एवं अर्शिया सिंह चौहान ( छात्रा प्रमुख) ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यालय में बिताए गए अविस्मरणीय पलों को स्मरण किया।

 

उन्होंने शिक्षकों के मार्गदर्शन, सहयोग और स्नेह के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय ने उन्हें केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि जीवन जीने की सही दिशा भी दी है। सुसज्जित परिधानों में विद्यार्थियों ने समूह छायाचित्रों के माध्यम से इन सुनहरे पलों को स्मृतियों में संजोया।

 

 

कार्यक्रम का सफल एवं सुसंयोजित संचालन विद्यार्थियों द्वारा श्रीमती पारुल सोंधी (पी.जी.टी रसायन विज्ञान) के कुशल मार्गदर्शन में किया गया।

 

 

समारोह का समापन पारंपरिक धाम भोज के साथ हुआ। नम आँखों और भावुक हृदयों के साथ विद्यार्थियों ने अपने प्रिय विद्यालय को विदा कहा। आशीर्वाद, शुभकामनाएँ और जीवन मूल्यों को साथ लेकर वे आत्मविश्वास के साथ नए भविष्य की ओर अग्रसर हुए।