



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव भगेटू निवासी, 100% दिव्यांग एवं प्रखर समाजसेवी राजन कुमार को उनके उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों, दिव्यांग अधिकारों की आवाज़ बनने और दिव्यांग सशक्तिकरण के क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान के लिए “शान-ए-हमीरपुर” अवार्ड से सम्मानित किया गया।
यह गरिमामय एवं भव्य कार्यक्रम हिमाचल एकता मंच राष्ट्रीय फाउंडेशन के तत्वावधान में, इसके संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री दीपलाल भारद्वाज के नेतृत्व में कैरियर पॉइंट यूनिवर्सिटी, भोरंज (हमीरपुर) में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से सामाजिक कार्यकर्ता, सांस्कृतिक कलाकार एवं गणमान्य अतिथि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री दिनेश भाटिया (भाजपा प्रदेश सचिव मोर्चा, राष्ट्रीय अध्यक्ष – भारत मजदूर किसान संगठन) ने अपने कर-कमलों द्वारा राजन कुमार को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि राजन कुमार जैसे लोग समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं, जो दिव्यांगता को कभी बाधा नहीं बनने देते और सेवा को ही जीवन का लक्ष्य बनाते हैं।



राजन कुमार कहा यह सम्मान मेरा व्यक्तिगत नहीं है, बल्कि उस पूरे दिव्यांग समाज का है, जो निरंतर अपने अधिकारों, आत्मसम्मान और समाजहित के लिए संघर्ष व सेवा कर रहा है। यह अवार्ड मुझे और अधिक ऊर्जा व जिम्मेदारी के साथ काम करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने हिमाचल एकता मंच राष्ट्रीय फाउंडेशन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री दीपलाल भारद्वाज जी सहित समस्त आयोजक मंडल का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, कलाकारों एवं समाजसेवियों ने राजन कुमार के कार्यों की खुले दिल से सराहना की और विश्वास व्यक्त किया कि वे भविष्य में भी दिव्यांग समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। वक्ताओं ने कहा कि राजन कुमार आज के समाज के लिए एक प्रेरक उदाहरण और आने वाली पीढ़ियों के लिए मिसाल हैं।
















Total Users : 126015
Total views : 190683