रैडक्रॉस सोसाइटी के निर्देशानुसार स्कूलों में आयोजित की नशा विरोधी जागरुकता गतिविधियां

 

 

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के निर्देशानुसार जिला हमीरपुर के विभिन्न उपमंडलों के स्कूलों में जूनियर रैडक्रॉस के तहत नशा विरोधी जागरुकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

 

इसी क्रम में, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) नादौन, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बगवाड़ा, रैल, चौरी, कश्मीर, राजकीय उच्च पाठशाला बैरी और अन्य शिक्षण संस्थानों में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

 

 

इन कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों, विशेषकर चिट्टे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाया गया। नारा लेखन, पोस्टर मेकिंग और भाषण प्रतियोगिताओं तथा चिट्टा विरोधी रैलियों के माध्यम से भी जागरुकता का संदेश दिया गया।

उपायुक्त एवं जिला रैडक्रॉस सोसाइटी की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि जिला में रैडक्रॉस सोसाइटी की गतिविधियों का विस्तार किया जा रहा है।

 

इसके लिए उपमंडल स्तर पर रैडक्रॉस सोसाइटियों के गठन के अलावा कालेजों में यूथ रैडक्रॉस और स्कूलों में जूनियर रैडक्रॉस इकाइयां बनाई जा रही हैं। अभी तक जिला के 56 स्कूलों में जूनियर रैडक्रॉस का गठन किया गया है।

 

इन स्कूलों में नशा विरोधी जागरुकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। कई संस्थानों ने इस दिशा में सराहनीय कार्य किया है।