मनरेगा के नाम पर राजनीति करने वाली कांग्रेस बेनकाब: मंदीप चंदेल

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- प्रदेश प्रवक्ता भारतीय जनता पार्टी (युवा मोर्चा) मंदीप चंदेल ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस वीजी ग्राम जी योजना को लेकर प्रदेश की जनता को गुमराह करने की नाकाम कोशिश कर रही है।

 

उन्होंने कहा कि झूठ, भ्रम और दुष्प्रचार के सहारे राजनीति करने वाली कांग्रेस यह भूल चुकी है कि प्रदेश की जनता अब जागरूक है और विकास बनाम छलावे का फर्क अच्छी तरह समझती है।

 

स्थायी विकास का रोडमैप है वीवी जी राम जी योजना

 

मंदीप चंदेल ने कहा कि मनरेगा एक मजदूरी आधारित योजना थी, जिसके अंतर्गत ग्रामीणों को वर्ष में 100 दिन का अस्थायी रोजगार दिया जाता था। इसमें तालाब निर्माण, जल संरक्षण और सड़क मरम्मत जैसे कार्य शामिल थे, जिससे केवल अल्पकालिक राहत मिलती थी, न कि स्थायी समाधान।

 

 

उन्होंने दो टूक कहा कि इसके विपरीत वीजी ग्राम जी योजना गांवों के समग्र, स्थायी और आत्मनिर्भर विकास की सोच के साथ लाई गई है। यह योजना केवल रोजगार देने तक सीमित नहीं, बल्कि गांवों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, स्वच्छता, पेयजल, डिजिटल सुविधाओं के विस्तार, महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की ठोस पहल है। यही कारण है कि यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का वास्तविक माध्यम बन रही है।

 

प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि जहां मनरेगा में रोजगार की सीमा 100 दिन थी, वहीं वीजी ग्राम जी योजना में रोजगार अवधि बढ़ाकर 125 दिन की गई है और इसका लक्ष्य राहत नहीं बल्कि स्थायी विकास और आत्मनिर्भरता है। कांग्रेस को यह सच्चाई इसलिए चुभ रही है क्योंकि विकास आधारित योजनाएं उसकी नकारात्मक राजनीति को पूरी तरह बेनकाब कर रही हैं।

 

मंदीप चंदेल ने आरोप लगाया कि पंचायत चुनावों को देखते हुए, Supreme Court of India के फैसले के बाद कांग्रेस सरकार ने जानबूझकर वीजी ग्राम जी योजना को लेकर भ्रम फैलाने का अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पंचायत चुनावों को सत्ता का “सेमीफाइनल” मानकर डर गई है और इसी घबराहट में झूठा प्रचार कर रही है।

 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने पूरे कार्यकाल में प्रदेश को विकास की बजाय कर्ज, अव्यवस्था और प्रशासनिक अराजकता के “गड्ढे” में धकेल दिया है। आज हालात ऐसे हैं कि सरकार के पास वेतन और पेंशन तक के पैसे नहीं हैं, लेकिन जनता को विकास के सपने दिखाए जा रहे हैं।

 

अंत में मंदीप चंदेल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पंचायत चुनावों में कांग्रेस की भ्रम की राजनीति पूरी तरह ध्वस्त होने वाली है। प्रदेश की जनता अब तय कर चुकी है कि उसे न झूठ चाहिए, न दिखावा—उसे चाहिए विकास, पारदर्शिता और आत्मनिर्भरता। आने वाले पंचायत चुनावों में जनता कांग्रेस को करारा जवाब देगी और भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में अपना स्पष्ट, निर्णायक और ऐतिहासिक फैसला सुनाएगी।