कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक सीमित शाखा ऊहल द्वारा नाबार्ड के सहयोग से भटेड गांव में वित्तीय साक्षरता जागरूकता शिविर आयोजित

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक सीमित शाखा ऊहल ने नाबार्ड के सहयोग से गांव भटेड में बैंक वित्तीय साक्षरता जागरूकता शिविर का आयोजन किया।

 

कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, सरकारी योजनाओं और डिजिटल लेनदेन के प्रति जागरूक करना था, ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें और योजनाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें।

शिविर में शाखा प्रबंधक रजनीश ठाकुर तथा संजीव कुमार ने ग्रामीणों को किसान क्रेडिट कार्ड, स्वरोजगार ऋण, वाहन ऋण और गृह निर्माण ऋण जैसी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।

 

इसके साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के लाभ एवं पात्रता के बारे में भी समझाया।

उन्होंने ग्रामीण महिलाओं को स्वयं सहायता समूह (SHG) बनाकर स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया और बैंक की विभिन्न बचत एवं जमा योजनाओं की जानकारी साझा की।

 

कार्यक्रम के दौरान कैशलेस बैंकिंग के महत्व पर प्रकाश डाला गया तथा ऑनलाइन ठगी से बचने के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए।

इस अवसर पर पंचायत सचिव दीपक राज, स्वयं सहायता समूह के प्रधान, सचिव, सदस्य सहित लगभग 50 ग्रामीणों ने भाग लिया और बैंक अधिकारियों से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।