


हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के मीडिया कोऑर्डिनेटर संदीप सांख्यान ने प्रैस को जारी बयान में आरोप लगाया है कि भाजपा प्रत्याशी एवं केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने अपने चार बार के कार्यकाल में कुछ विकास करवाया होता तो आज दर-दर जाकर जनसमर्थन मांगने की नौबत नहीं आती।

इतने बड़े कार्यकाल में उपलब्धियां ही इतनी हो जाती कि लोग स्वयं पलक पावड़े बिछा कर स्वागत करते लेकिन हैरानी की बात है कि केंद्रीय मंत्री गली गली जाकर भाजपा के पक्ष में वोट डालने की अपील कर रहे हैं जबकि उनके अनुयायी अति उत्साहित हैं।



वे पांच लाख की लीड तय कर चुके हैं लेकिन कुछ समय पहले सीएम का चेहरा घोषित हुए प्रो. प्रेम कुमार धूमल का हश्र वे भूल चुके हैं। बहरहाल केंद्रीय मंत्री का गांव- गांव गली-गली जाकर हाथ जोड़ना दर्शाता है कि उन्होंने अपने इस स्वर्णिम एवं ऐश्वर्य युक्त कार्याकाल में विकास तो दूर की बात है किसी नई योजना का सूत्रपात तक नहीं किया।



भाजपा के दो गुटों मं पिस रही इस संसदीय क्षेत्र की राजनीति में इस बार कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा एक उम्मीद की किरण बनकर उभरे हैं। उन्हें सुनने के लिए उमड़ रही भीड़ इस बात की सूचक है कि जनता जुमलों की वास्तविकता को समझ चुकी है तथा अब इनके झांसे में नहीं आने वाली है।
संदीप सांख्यान ने कहा कि पूरे देश में परिवर्तन की लहर है। उन्होंने कहा कि ने कहा कि यदि केंद्रीय मंत्री इस विधानसभा क्षेत्र के लिए कुछ किया है तो तथ्यों सहित लोंगो को जानकारी दें ताकि वे भाजपा की पक्ष में मतदान का सोचें, लेकिन यहां ऐसा कुछ नहीं है। हर मंच पर से हिमाचल के दमदार सीएम सुखविंद्र सुक्खू को कोसने वाले केंद्रीय मंत्री को बताना चाहिए कि वह केंद्र सरकार से आपदा में कितना पैसा लेकर आए।


केंद्रीय मंत्री को बताना चाहिए कि हिमाचल में विधायकों की खरीद फरोख्त में भाजपा ने अनैतिक व अव्यवहारिक राजनीति की शुरुआत किसने की और इसके पीछे उनकी क्या मंशा थी। फिलहाल बागी और दागियों को संविधान द्वारा सबक सीखाया जा चुका है बाकि की कसर जनता इन चुनावों में पूरी करेगी। संदीप सांख्यान ने कहा कि बीते विधानसभा चुनावों में उन्होंने कौन से उम्मीदवारों को जिताने की तरफ ईशारा किया था।
संदीप सांख्यान ने कहा कि केंद्रीय मंत्री आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की बात कर रहे थे लेकिन उनको यह भी याद रखना चाहिए कि वर्तमान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश के वन मंत्री भी थे लेकिन तत्कालीन समय मे उनके पिता जी प्रदेश के मुख्यमंत्री हुआ करते थे तो तत्कालीन वन मंत्री के साथ इनकी अपनी ही सरकार ने क्या व्यवहार किया था और उनको अपना मंत्री पद छोड़ कर केंद्रीय राजनीति में जाना पड़ गया था और बिलासपुर में आज हमीरपुर के सांसद व केंद्रीय खेल व सूचना प्रसारण मंत्री किस मुंह से उनके नाम पर वोट मांग रहे हैं।
संदीप सांख्यान ने कहा कि केंद्रीय मंत्री जी को समझना चाहिए कि भाजपा के संगठन की अंदर की कलई खुल गई है और वह आज जनता के समक्ष भी है। संदीप सांख्यान ने कहा कि केंद्रीय खेल मंत्री जी को यह भी बताना चाहिए कि उन्होंने खेल मंत्री रहते हुए बिलासपुर के खेलों के उत्थान के लिए क्या क्या किया है।


