भारत माँ के महान सपूत मानिक शाह की पेंशन रोकने वाली कांग्रेस को सैनिकों की बात करने का हक नहीं : धूमल 

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- भारत माँ के महान सपूत फ़ील्ड मार्शल मानिक शाह की पेंशन रोक कर रखने वाली कांग्रेस, 1962 में बर्फीले पहाड़ों पर बिना गर्म कपड़ों और हथियारों के अपने सैनिकों को युद्ध में झोंकने वाली कांग्रेस,वन रैंक वन पेंशन के मुददे को लटका कर यूपीए की सरकार के 10 वर्षों में 12 लाख करोड रुपए के घोटाले करने वाली कांग्रेस और सर्जीकल स्ट्राइक के बाद सेना के पराक्रम पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस को सैनिकों और उनकी पेंशन से जुड़े किसी भी मुद्दे पर बात करने का अधिकार नहीं है।

 

पूर्व सीएम बोले कांग्रेस शाषित राज्यों में गंगाजल की कसम खाने के बाद भी नही किया किसानों का कर्जा माफ इसलिए कांग्रेस ने गंवाई सरकारें 

 

 

रविवार को हमीरपुर में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने यह बड़ा बयान दिया है। गौरतलब है कि रविवार को कांग्रेस के राहुल गांधी ने प्रदेश के दो स्थानों पर चुनावी सभाओं में अग्निवीर योजना पर सवाल उठाए थे। पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि फील्ड मार्शल मानिक शाह की पेंशन को कई वर्षों तक रोकने और उनको बेइज्जत करने का काम कांग्रेस की सरकारों ने किया था। वर्षों बाद जब देश के राष्ट्रपति डॉ अब्दुल कलाम आजाद बने तब उनकी पेंशन बहाल हो सकी थी।

 

 

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिकों और शहीदों के ऊपर बोलने का अधिकार कांग्रेस को इसलिए भी नहीं है क्योंकि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई जी की सरकार में देश के लिए अपनी कुर्बानी देने वाले शहीदों का पार्थिव शरीर उनके घर पहुंचना और पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार होना शुरू हुआ था जबकि इससे पहले शहीदों के परिजनों को उनकी अटैची कुछ कपड़े और निजी सामान यही याद के रूप में सेना की ओर से मिलता था और यही नहीं सैनिकों का दशकों पुराना वन रैंक वन पेंशन का मुद्दा अगर किसी ने हल किया तो वह प्रधानमंत्री मोदी ने ही किया है।

 

 

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जब प्रधानमंत्री मोदी अग्निवीर योजना के तहत युवाओं को 4 वर्ष की नौकरी और उसकी रिटायरमेंट के पश्चात लाखों रुपयों के साथ-साथ अगले रोजगार की सुनिश्चितता दे रहे हैं तो कांग्रेस को उसमें आपत्ति है लेकिन खुद पढ़ाई पूरी करने के बाद ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट युवाओं को 1 वर्ष की नौकरी देने की हिमायत करते फिर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा की चीन से राजीव फाउंडेशन के लिए पैसा लेने वाली कांग्रेस अक्सर दुनिया को दिखाने के लिए चीन की आलोचना करती रहती है लेकिन राहुल गांधी का चाइना प्रेम बार-बार उनके मुंह पर आ ही जाता है।

 

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सब सनातनी इस बात को मानते हैं कि कर्म ईश्वर की प्रेरणा से ही होता है और जो भी अच्छा काम हमारे से हो उसका श्रेय हम ईश्वर को देते हैं लेकिन राहुल गांधी इस बात को नहीं समझ सकते क्योंकि वह तो सनातन को मिटाने की घोषणा करने वालों का साथ देते हैं।

 

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मनरेगा योजना का धरातल पर सबको लाभ अच्छे से मिल सके और इस योजना का लाभ लेने से कोई ना छूटे इसके लिए बढ़े हुए बजट का प्रावधान प्रधानमंत्री मोदी ने किया, देश के 80 करोड लोगों को मुफ्त में अनाज प्रधानमंत्री मोदी ने दिया और यही नहीं देश की 3 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने की योजना का संकल्प प्रधानमंत्री ने लिया हुआ है। मुद्रा योजना स्वनिधि योजना स्टार्टअप योजना सहित छोटे से छोटे व्यापारी के उत्थान के लिए भी प्रधानमंत्री मोदी ने योजनाएं चलाई है।

 

 

पिछले 10 वर्षों में 25 करोड लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं, उज्ज्वला योजना में करोड़ों महिलाओं ने धुंआ रहित रसोई अपनाई है, कई परिवारों को खुले में शौच मुक्त करते हुए करोड़ों शौचालय मोदी सरकार ने बना कर दिए हैं करोड़ बेघरों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के घर बनाकर प्रधानमंत्री मोदी ने दिए, पिछले 70 वर्षों में देश के अन्नदाता किसान को सम्मान निधि अगर किसी ने दी है तो पहली बार प्रधानमंत्री मोदी ने दी है। इतना सब होने के पश्चात राहुल गांधी कहते हैं कि देश में सिर्फ 20-25 लोग ही अमीर हुए हैं जो बहुत हास्यपद है।

 

दो बार लिस्टें बनाई पर 1500 किसी को दिए नहीं अब नई लिस्ट बनाकर 8500 देने का झूठ बोल रही कांग्रेस 

 

पूर्व मुख्यमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि ना नौ मन तेल होगा ना राधा नाचेगी इस बात को चरितार्थ करते हुए कांग्रेस पार्टी अब ₹8000 देने की घोषणा कर रही है और कह रही है कि उसके लिए लिस्ट बनाएगी जबकि दो लिस्टें है वह पहले बना चुके हैं पर आज तक किसी को वह ₹1500 नहीं मिले। जब जीतेंगे नहीं तो यह लिस्टें किस काम की। मात्र युवाओं महिलाओं और देश के मतदाताओं को गुमराह करने के लिए, भ्रमित करने के लिए कांग्रेस के नेता ऐसे बयान दे रहे हैं।

 

 

कांग्रेस ने गारंटी दी थी कि प्रदेश के बागवान खुद अपनी फसलों का मूल्य तय कर सकेंगे एमएसपी तय कर सकेंगे, वह तो हो नहीं सका। अब कांग्रेस के नेता फिर से लोगों को बेवकूफ बनाने का प्रयास कर रहे हैं कि कानूनी तौर पर एमएसपी वह लेकर आएंगे जबकि आजतक कांग्रेस शासित किसी भी प्रदेश में ऐसा वह नहीं कर पाए हैं। और तो और किसानों का कर्ज माफ करने के लिए गंगाजल उठाकर कसमे तक कांग्रेस ने खाई थी, पर छत्तीसगढ़ के किसानों का कर्ज माफ नहीं किया इसलिए वहां की जनता ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया। राजस्थान की जनता ने भी कांग्रेस को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया।

 

 

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस वो पार्टी है जिसने बार-बार संविधान में छेड़छाड़ की, लगभग 65 बार कांग्रेस ने देश का संविधान छेड़ा है, बदला है। देश मे आपात काल थोपने वाली कांग्रेस की सरकार इस देश में जब जब रही है तब-तब संविधान और लोकतंत्र खतरे में पड़ा है और आज यही लोग दुहाई दे रहे हैं।

 

आज यह बात खुद राहुल गांधी ने भरे मंच से मानी है कि उनकी पार्टी के नेता भ्रष्ट हैं उनकी पार्टी भ्रष्ट है और जो लोग उनके भ्रष्ट एजेण्डे को, देश विरोधी ताकतों का साथ देने वाले एजेण्डे को अच्छा नहीं समझते वह उनकी पार्टी को छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में सम्मिलित हो रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता समझदार है और वह सोच समझकर वर्षों बाद देश को मिले मजबूत और ताकतवर नेतृत्व को मजबूत करने के लिए ही मताधिकार का उपयोग करेगी। और तीसरी बार मोदी सरकार बनाने में सहयोग करेगी।