

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष तथा सुजानपुर विधान सभा उपचुनाव लड़ रहे रविंद्र सिंह डोगरा ने कहा है कि कांग्रेस और भाजपा लोकतंत्र का मजाक बना रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अंदर एक वोट पीएम और एक वोट सीएम की मुहीम चलाने वाले पहले यह स्पष्ट करें कि उन्होंने सतपाल रायजादा को टिकट ही क्यों दी।


अगर पीएम के नाम पर कांग्रेस भी अनुराग को वोट करेगी तथा सीएम के नाम पर भाजपा कैप्टन रणजीत को वोट कर रही है तो लोकतंत्र में इससे बड़ा मजाक और क्या हो सकता है। उन्होंने कहा कि वह रैलियों में विश्वास नहीं रखते। इसीलिए उनका चुनाव प्रचार डोर टू डोर चला हुआ है।


डोगरा ने कहा कि वह जीते या हारे लेकिन लोकतंत्र के सिद्धांतों के साथ समझौता नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि शराब और धन माफिया से लोगों प्रभावित करने की कोशिश सुजानपुर में हो रही है जोकि भ्रष्ट राजनीति को जन्म देती है।



डोगरा ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस ने दलबदल को बढ़ावा देकर अपने कार्यकर्ताओं को निराश किया है। इसलिए वह सुजानपुर में लोगों के लिए तीसरे विकल्प के रूप में तेजी से उभर रहे हैं।


