विजय संकल्प रैली के साथ ही भाजपा प्रत्याशी आशीष शर्मा ने भरा नामांकन 

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- विधानसभा की सदर सीट पर होने जा रहे विधानसभा उपचुनावों के लिए मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी आशीष शर्मा ने अपना नामांकन पर दाखिल कर लिया है। इस नामांकन से पूर्व विजय संकल्प रैली व जनसभा का आयोजन किया गया।

 

इसमे पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल, सांसद अनुराग ठाकुर, उपचुनाव प्रभारी रणधीर शर्मा, सह प्रभारी त्रिलोक जंवाल, संयोजक बिहारी लाल, सह संजोयक दलीप ठाकुर, धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा, बड़सर से आईडी लखनपाल, सहित पूर्व विधायक, भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता विशेष रूप से मौजूद रहे।

 

 

नामांकन से पहले गांधी चौक हमीरपुर पर आयोजित विशाल जनसभा में हजारों लोगों ने एक मुश्त भाजपा को भारी बहुमत से विजय दिलाने का संकल्प लिया। इस दौरान आशीष शर्मा ने कहा कि एकादशी के पावन दिन पर आज नामांकन भरने जा रहा हूँ। उन्होंने शिव भगवान की स्तुति गाकर अपने सम्बोधन का आरम्भ किया। उन्होंने भारी संख्या में जनसभा में पहुंचे लोगों का आभार व अभिनंदन किया। उन्होंने अनुराग ठाकुर को भी पांचवीं बार सांसद बनने पर बधाई दी।

 

 

उन्होंने कहा कि जनसभा में पहुंचे जनसैलाब ने तय कर दिया है कि इस बार हमीरपुर से भाजपा रिकॉर्डतोड़ मतों से विजयी होगी। इस जनसैलाब ने ये साबित किया है कि आप सभी नेता के लिए नहीं बल्कि अपने बेटे के लिए यहाँ आए हैँ।

 

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कॉंग्रेस सरकार बनने के बाद बतौर निर्दलीय विधायक सरकार को समर्थन दिया और मुख्यमंत्री का पहला कार्यक्रम भी हमीरपुर में करवाया। लेकिन मुख्यमंत्री ने एक चुने हुए विधायक को दरकिनार किया। हर बार लोगों के कामों को लेकर मुख्यमंत्री से मिलने गया, लेकिन मुख्यमंत्री ने चार चार दिन दफ्तर के बाहर बैठाए रखा पर समय नहीं दिया।

 

 

क्यों नौ विधायक उन्हें छोड़ कर गये, यह मुख्यमंत्री को सोचना चाहिए व आत्ममंथन करना चाहिए। कमी उनमें है। अब मुख्यमंत्री चुनावों में आएंगे और लोगों को बरगलाएंगे कि ये खनन माफिया हैं, बिके हुए हैं लेकिन मेरी देवतुल्य जनता सब जानती है क्यूंकि मेरा जन्म यहीं हुआ, बचपन यहीं बीता और कारोबार भी यही कर रहे हैं व प्राण भी यही त्यागने है। जनता मेरे बारे में सब कुछ जानती है।

 

 

अब जनता को तय करेगी व भाजपा के पक्ष में भारी संख्या में मतदान कर झूठे व फरेबी मुख्यमंत्री को जबाव देगी। वह लोगों की आवाज़ को बुलंदी से विधानसभा में उठाएंगे। आशीष शर्मा ने कहा कि पांच साल लगतार जनता के बीच में रहा हूँ और सभी के सुख दुख में शामिल हुआ हूँ। मेरे हमीरपुर की जनता मुझे भलीभांति जानती है। आपका यह बेटा आपके आत्मसम्मान की लड़ाई लड़ रहा है। क्योँकि विधायक जनता द्वारा चुना जाता है और उसे दरकिनार करना जनता के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचना है।

 

 

उन्होंने कहा कि विधायक बनने के बाद भी विकास कार्यों को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है, केंद्र में भाजपा सरकार है और सांसद भी भाजपा के हैँ। इसलिए विकास कार्यों में कमी नहीं आने दी जाएगी। प्रदेश की निक्कमी सरकार ने एक भी रोजगार हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र में नहीं दिया, उल्टा रोजगार देने वाले कार्यालय को ही बंद कर दिया। ऑपरेशन थिएटर अटेंडेंट का परिणाम इसलिए घोषित नहीं हुआ क्योँकि सरकार ने एजेंसी को भुगतान ही नहीं किया है और वायदे सरकार बड़े बड़े कर रही है। उन्होंने कहा कि राजनितिक रोटियां सेंकने के लिए अब मुख्यमंत्री हमीरपुर आएंगे।

 

 

जनता इस आत्मसम्मान की लड़ाई में मेरा भरपूर साथ देगी। उन्होंने कहा कि अपने विधायक के कार्यकाल में मिला सारा वेतन जनता को समर्पित किया है। उन्होंने देवतुल्य जनता का आभार व्यक्त किया और दोपहर 12:05 बजे नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर प्रदेशाध्यक्ष डॉ बिंदल, सांसद अनुराग ठाकुर और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा व चुनावों में डट जाने का आह्वान किया।

 

 

सभी कार्यकर्ताओं ने भाजपा को भारी बहुमत से विजय दिलाने का संकल्प लिया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने इन तीन उपचुनावों के लिए विलंब किया। अब भाई आशीष शर्मा भाजपा के उम्मीदवार बने है। और इन्हें पहले से ज्यादा मतों के साथ विजयी बनाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेवारी हैं कम से कम दो बार डोर टू डोर प्रचार करना है और भाजपा को विजयी बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर फेल हुई है।

 

 

चुनावों में अधिकारियों कर्मचारियों का दुरूपयोग किया जा रहा है। कॉंग्रेस सरकार प्रदेश के हितों के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्हीने सभी से भाजपा को उपचुनावों में भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। इस मौके पर जिला भाजपा अध्यक्ष देश राज शर्मा, मंडल अध्यक्ष आदर्शकान्त सहित समस्त पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।