हमीरपुर उपचुनाव में प्रचार के दौरान पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :-   भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद ओम बिरला को 18वीं लोकसभा के अध्यक्ष पद पर दूसरी बार ध्वनि मत से चुने जाने पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने हार्दिक बधाई दी है।उन्होंने कहा कि ओम बिरला को दूसरी बार इस प्रतिष्ठित पद पर चुना जाना उनके कुशल नेतृत्व, निष्पक्षता और व्यापक अनुभव का प्रमाण है।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि ओम बिरला ने अपने पिछले कार्यकाल में लोकसभा अध्यक्ष के रूप में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। उनके नेतृत्व में लोकसभा की कार्यवाही को सुचारु रूप से संचालित करने और संसद की गरिमा को बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

गोविंद सिंह ठाकुर ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि इंडी गठबंधन और कांग्रेस तब कमजोर हो गए थे जब तृणमूल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने उनसे दूरी बना ली थी। ठाकुर ने कहा कि यह दूरी गठबंधन की एकता में कमी को दर्शाती है और विपक्ष के बीच असहमति को उजागर करती है। वहीं उन्होंने कहा कि वाईएसआरसीपी के चार सांसदों द्वारा भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को समर्थन दिए जाने से कांग्रेस पार्टी की स्थिति और भी कमजोर हो गई।

पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी ने विपक्ष के नेता बनने के बाद पहला कदम जब लोकसभा में रखा तो उन्हें पराज्य का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि ओम बिरला ने लोकसभा अध्यक्ष का पद संभालने के बाद संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपने समर्पण को दर्शाते हुए आपातकाल के विरुद्ध निंदा प्रस्ताव प्रस्तुत किया। यह कदम देश के 140 करोड़ से अधिक लोगों की आस और उम्मीदों का प्रतिनिधित्व करता है जो संविधान और लोकतंत्र में गहरी आस्था रखते हैं। इस कार्य के लिए उन्होंने उनकी व्यापक रूप से प्रशंसा की।