दियोटसिद्ध मंदिर के स्टोर से राशन बेचने के मामले में जांच कमेटी गठित, हटाया स्टोर कर्मी

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :-  उत्तरी भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में अवैध रूप से राशन बेचने के मामले में जिला प्रशासन ने जांच कमेटी गठित की है। यह कमेटी दस दिन के भीतर जांच रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगी। मंदिर के राशन स्टोर में तैनात कर्मचारी को तुरंत प्रभाव से हटा दिया गया है। इस कर्मचारी को मंदिर ट्रस्ट के अन्य स्थानों पर तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। स्टोर के तमाम रिकार्ड को अब खंगाला जाएगा।

 

तहसीलदार बड़सर धर्मपाल नेगी को जांच के लिए नियुक्त किया गया है। वह इस मामले की विस्तृत जांच करेंगे। यहां पर राशन की चोरी को रोकने के लिए कमेटी की ओर से व्यवस्था में सुधार के सुझाव भी लिए जाएंगे। इस मामले में ट्रस्ट कॉलेज के प्रधानाचार्य की अगुवाई में एक कमेटी गठित की गई है। यह कमेटी सील किए गए राशन स्टोर के मामले की व्यापक जांच करेगी। कमेटी में दियोटसिद्ध चौकी प्रभारी, सहायक मंदिर अधिकारी को भी शामिल किया गया है।

 

मंदिर ट्रस्ट की ओर से जल्द ही स्टोर में नए कर्मचारी को तैनात किया जाएगा। अमर उजाला की ओर से पहली जुलाई के संस्करण में स्टोर से अवैध रूप से राशन बेचने के मामले का भंडाफोड़ किया था। इसके बाद से मंदिर के स्टोर को सील कर दिया गया है। इस मामले में मंदिर ट्रस्ट के कमिश्नर डीसी हमीरपुर अमरजीत सिंह ने तुरंत संज्ञान लेते हुए एसडीएम बड़सर राजेंद्र गौतम को कार्रवाई के आदेश दिए हैं। एसडीएम बड़सर की ओर से एक कमेटी का गठन किया गया है। इस सिलसिले में डीसी हमीरपुर कार्यालय में अधिकारियों की मंगलवार को बैठक हुई।

दरअसल बीते दिन उत्तरी भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर में बिना पर्ची के ही राशन मंदिर के स्टोरों से अन्य जगहों पर बेचने का मामला सामने आया था। मंदिर में तैनात सुरक्षा कर्मी ने चीनी का बैग और आटे की बोरी अवैध रूप से बेचते हुए बरामद की थी। चीनी का बैग व आटे की बोरी बिना पर्ची के ही मंदिर स्टोर से निकाल दी गई थी। पिछले काफी दिनों से शिकायत मिल रही थी कि मंदिर स्टोर से सामान बिना पर्ची के निकाला जा रहा है। इसी के मद्देनजर सुरक्षा कर्मियों को एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए थे।

मंदिर ट्रस्ट के कमिश्नर डीसी हमीरपुर अमरजीत सिंह ने कहा कि मामले में कार्रवाई के निर्देश एसडीएम बड़सर को जारी किए गए हैं। मामले में 10 दस दिन के भीतर कमेटी जांच की रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगी। मामले में कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

मंदिर ट्रस्ट के चेयरमैन एसडीएम बड़सर राजेंद्र गौतम का कहना है कि मामले में कमेटी ने जांच शुरू कर दी है। सील किए गए स्टोर को बुधवार को खोला जाएगा। यहां पर कर्मचारी को स्टोर की ड्यूटी से हटा दिया गया है।

बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में राशन घोटाले में पंजाब के श्रद्धालुओं ने भी कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। निजी गाड़ी में बाबा बालक नाथ मंदिर के लंगर भवन के स्टोर से राशन लेकर जा रही गाड़ी के पकड़े जाने के मामले में पंजाब के श्रद्धालुओं ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। पंजाब के ही एक श्रद्धालु दिनेश कुमार शर्मा ने इस संदर्भ में बाकायदा हिमाचल प्रदेश सरकार के सचिव के साथ-साथ जिलाधीश हमीरपुर व एसडीएम बड़सर को भी कड़ी कार्रवाई के लिए मांग पत्र मेल के माध्यम से भेजा है। पत्र में कहा गया है कि 2020 में एक कथित गबन में भी इसका नाम सामने आया था तो फिर बार-बार ऐसे कर्मचारियों को कुछ दिन जांच करने के बाद फिर नौकरी पर बहाल क्यों कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि स्टोर रूम, कैंटीन व सराय सहित मंदिर के अन्य सीसीटीवी कैमरा की रिकॉर्डिंग की पिछले दो-तीन महीनों की जांच होनी चाहिए। मंदिर ट्रस्ट के कर्मचारी एक ही जगह 6 महीने से ज्यादा समय पर नहीं रहने चाहिए।