राष्ट्रीय सचिव डॉ. महेंद्र सिंह ने हमीरपुर में भाजपा प्रकोष्ठ टीमों के साथ बनाई चुनावी रणनीति

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :-  भाजपा के राष्ट्रीय सचिव, पूर्व में उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रहे और हमीरपुर उपचुनाव की दृष्टि से विशिष्ट सहयोगी के रूप में कार्य कर रहे डॉ. महेंद्र सिंह ने आज पार्टी कार्यालय में उपचुनावों की रणनीति पर चर्चा करने के लिए भाजपा हमीरपुर के विभिन्न प्रकोष्ठों की बैठकें लीं।

 

इन बैठकों में विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकरी उपस्थित रहे जिसमें पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष कमलेश परमार, पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष प्रेम सिंह भरमौरिया और चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. अशोक शर्मा शामिल थे।

डॉ. महेंद्र सिंह ने सैनिक प्रकोष्ठ के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी सेना को अपना परिवार मानते हैं और हर दिवाली सैनिकों के बीच में जाकर मानते हैं। कांग्रेस कार्यकाल में सीमा पार से सीज-फायर का उलंघन या गोलीबारी होने की स्थिति में जवाबी कार्रवाई के लिए दिल्ली से अनुमति लेनी पड़ती थी, लेकिन मोदी राज में इस परम्परा को खत्म किया गया।

अब भारतीय सेना के जवान समय और स्थिति के हिसाब से सीमा पर दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब दे सकते हैं। आज के नए भारत में देश की सीमाएं पहले से सुरक्षित हैं और दुश्मन हमारी तरफ आंख उठाने की हिम्मत नहीं करता। आज भारतीय सेना के पास भारत में विकसित किए गए बुलेट प्रूफ जैकेट, लड़ाकू विमान और अथाह असला-बारूद है, जबकि कांग्रेस के समय भारतीय सेना को दूसरे देशों पर निर्भर रहना पड़ता था।

 

ये मोदी का भारत है, जिसमें अभिनंदन जैसे भारतीय शूरवीर पायलट को पाकिस्तान ने पूरे मान-सम्मान के साथ वापस लौटाया था। उन्होंने कहा कि आज कश्मीर घाटी से पत्थरबाज पूरी तरह गायब हो चुके हैं, और जिन्होंने भी हमारे सैनिकों को पुलवामा में क्षति पहुंचाई थी, उन्हें हमारी सेना ने घर में घुस कर मारा।

इसके अलावा डॉ. महेंद्र सिंह ने पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ और चिकित्सा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों से चुनावी रणनीति पर व्यापक चर्चा करके भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में तन-मन से काम करने की अपील की।