चुराह चंबा के विधायक के कृत्य पर भाजपा जबाब दे:  संदीप सांख्यान 

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ  :-  हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस मीडिया प्रवक्ता एवं समन्वयक संदीप सांख्यान ने प्रैस को जारी बयान के माध्यम से चंबा में भाजपा विधायक पर एक बेटी द्वारा दर्ज करवाए गए अपराधिक मामले को लेकर भाजपा को उन्हीं की संस्कृति की दुहाई दी है।

 

उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश में बेटियों पर हो रहे दुराचार, अत्याचारों की मामले थमने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। लेकिन हैरानी की बात है कि लाल किले की प्राचीर से देश के प्रधानमंत्री लड़कों पर नियंत्रण की बात तो करते हैं लेकिन अपनी ही पार्टी के नेताओं की गंदी मानसिकता पर अंकुश लगाने में पूरी तरह से असफल साबित हुए हैं।

 

शांतिप्रिय हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला में भाजपा के विधायक पर दर्ज हुए मामले से एक बार फिर भाजपा का असली एवं घिनौना चेहरा सामने आया हैै। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाले भारतीय जनता पार्टी के नेता के खिलाफ उन्हीं की पार्टी के बूथ अध्यक्ष की बेटी ने संगीन आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है तथा भारतीय न्याय संहिता के तहत न्याय की मांग की है।

 

भाजपा विधायक के इस कृत्य से एक बार फिर से प्रदेश शर्मसार हुआ है। हैरानी का विषय है कि अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं की मां बहनों पर गंदी नजर रखने वाले ऐसे माननीयों को तुरंत प्रभाव से बर्खास्त कर देना चाहिए साथ ही कानून की ओर से भी त्वरित दंडात्मक कार्यवाही की जानी चाहिए।

 

संदीप सांख्यान ने कहा कि देव भूमि हिमाचल प्रदेश में चुराह चंबा भाजपा के विधायक पर जो उनकी ही पार्टी के बूथ अध्यक्ष की बेटी ने जो आरोप लगाए हैं वह शर्मशार करने वाले हैं। प्रदेश भाजपा को इस पर जबाब देना चाहिए यह कहना है प्रदेश कांग्रेस के मीडिया कोऑर्डिनेटर संदीप सांख्यान का।

 

उन्होंने कहा उक्त मामले की गंभीरता को देखते हुए इस मसले पर प्राथमिकी भी दर्ज की जा चुकी है। इस घटना से भाजपा का चरित्र तो सामने आया ही है लेकिन साथ मे नैतिक मूल्यों की दुहाई देने वाली भाजपा भी बेनकाब हुई है। संदीप सांख्यान ने कहा है कि मामले की गम्भीरता को देखते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश में नेता प्रतिपक्ष को इस मसले पर प्रतिक्रिया देनी चाहिए।

 

संदीप सांख्यान ने कहा कि उक्त विधायक के खिलाफ पहले भी इनके विधानसभा उपाध्यक्ष रहते हुए विधानसभा में मारपीट करने के आरोप लग चुके हैं वहीं पर उक्त विधायक पर स्कूल के प्रिंसीपल को धमकाने के भी आरोप लग चुके हैं। इस मसले से जहां प्रदेश की इमेज खराब हो रही है वहीं राजनीति से जुड़े लोंगो के लिए भी यह एक स्तब्ध करने वाली घटना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी शीघ्र ही बेटी को न्याय दिलाने के लिए बड़ा जनांदोलन खड़ा करेगी।