



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत जिला हमीरपुर में भी एक फरवरी से 15 मार्च तक ‘मेरी पॉलिसी-मेरे हाथ’ अभियान चलाया जाएगा। कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. शशिपाल अत्री ने बताया कि इस अभियान के तहत तहसील सुजानपुर की ग्राम पंचायत दाड़ला में किसानों को फसल बीमा योजना की पॉलिसी के दस्तावेज वितरित किए जाएंगे।
हमीरपुर में लगभग 24716 किसानों की गेहूं की फसल का किया गया है बीमा



उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान पीएमएफबीवाई में नामांकित किसानों को ग्राम और पंचायत स्तर पर विशेष शिविरों के माध्यम से फसल बीमा पॉलिसियों की हार्ड कॉपी वितरित की जाएगी। उपनिदेशक ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य योजना के तहत नामांकित सभी ऋणी और गैर-ऋणी किसानों तक पहुंचना एवं उन्हें फसल बीमा के बारे में जागरुक कराना, प्रभावित किसानों को वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाना तथा उनकी आय को सुनिश्चित करना है, ताकि वे अपने कृषि कार्य को सुचारू ढंग से जारी रख सकें।



उपनिदेशक ने बताया कि इस योजना के तहत सरकार द्वारा अधिसूचित खरीफ और रबी की फसल उगाने वाले बटाईदारों और काश्तकारों सहित सभी किसान अपनी फसलों का बीमा करवा सकते हैं। बैंक या अन्य वित्तीय संस्थाओं से ऋण लेने वाले किसानों का स्वतः ही बीमा कर दिया जाता है।
जबकि, अन्य पात्र किसान अपना फोटो, पहचान पत्र, आधार कार्ड और अपनी भूमि के कागजात सहित बीमा कंपनी या नजदीकी लोकमित्र केंद्र, बैंक या ऑनलाइन माध्यम से अपनी फसलों का बीमा करवा सकते हैं। किसी भी प्रकार के परामर्श के लिए जिला स्तर पर कृषि उपनिदेशक कार्यालय तथा खंड स्तर पर कृषि विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।

उपनिदेशक ने बताया कि वर्तमान रबी सीजन के लिए जिले के किसानों की गेहूं की फसल के बीमे के लिए प्रति कनाल 36 रुपये प्रीमियम निर्धारित किया गया था, जिसकी अंतिम तिथि 15 जनवरी थी। इसके तहत जिले के लगभग 24716 किसानों की फसल का बीमा किया गया है।
उपनिदेशक ने जिला हमीरपुर के सभी किसानों से अनुरोध किया है कि वे इस योजना का लाभ उठाने के लिए बीमा कंपनी क्षेमा जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड के जिला पर्यवेक्षक संदीप कुमार से या टॉल फ्री नंबर 14447 पर संपर्क कर सकते हैं।
















Total Users : 125205
Total views : 189384