



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- नशीली दवाओं के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी के विरुद्ध अंतर्राष्ट्रीय दिवस के उपलक्ष्य पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने वीरवार को राजकीय आईटीआई हमीरपुर में जिला स्तरीय जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में डीएलएसए, पुलिस, स्वास्थ्य और अन्य विभागों ने भी की भागीदारी

इस कार्यक्रम में आईटीआई प्रबंधन के अलावा जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण (डीएलएसए) , पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने भी अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डीएलएसए के सचिव कुलदीप शर्मा ने कहा कि हमारे समाज में नशे की समस्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोग नए-नए हथकंडे अपनाकर युवा पीढ़ी को इसके जाल में फंसा रहे हैं।

इसको रोकने के लिए प्रत्येक नागरिक को सतर्कता बरतनी होगी। उन्होंने आम लोगों को न्याय सुलभ बनाने के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण (नालसा) द्वारा आरंभ की गई मुफ्त कानूनी सहायता योजना की विस्तृत जानकारी भी दी तथा पात्र लोगों से इसका लाभ उठाने की अपील भी की। उन्होंने बताया कि इसके लिए नालसा के हेल्पलाइन नंबर 15100 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एएसपी राजेश कुमार ने नशीले पदार्थों के सेवन एवं तस्करी, नशीली दवाओं के दुरुपयोग, इनसे उत्पन्न विभिन्न समस्याओं तथा इनके उन्मूलन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशे को पूरी तरह समाप्त करने के लिए समाज और प्रत्येक नागरिक को भी आगे आना होगा।
समाज के सहयोग से ही पुलिस इस समस्या को नियंत्रित कर सकती है। आयुष विभाग की डॉ. रजनी ठाकुर और स्वास्थ्य विभाग के जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी बीरबल वर्मा ने भी विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाया।
इससे पहले, जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा ने मुख्य अतिथि, सभी वक्ताओं और प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा नशे के उन्मूलन के लिए सरकार की ओर से आरंभ किए गए अभियान की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में सुजल, कनिष्का चंदेल और मेघा ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थानर हासिल किया।
नारा लेखन प्रतियोगिता में आकांक्षा पहले, मनीष दूसरे और शिवानी तीसरे स्थान पर रही। भाषण प्रतियोगिता में शिपाली शर्मा प्रथम, प्रियंका द्वितीय और अभिषेक तृतीय रहे। सभी प्रतिभागियों को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से पुरस्कृत किया गया।
प्रधानाचार्य सुभाष चंद शर्मा ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, मुख्य अतिथि और सभी वक्ताओं का आभार व्यक्त किया।
Post Views: 260



















Total Users : 125846
Total views : 190412