JBT यूनियन के पूर्व अध्यक्ष मोहित ठाकुर ने खुद लड़ी हाईकोर्ट में लड़ाई, TGT भर्ती की फिर बढ़ी तारीख़

शिमला/विवेकानंद वशिष्ठ :-  हिमाचल प्रदेश में चल रही TGT भर्ती प्रक्रिया को लेकर JBT यूनियन के पूर्व अध्यक्ष मोहित ठाकुर की पहल एक बार फिर रंग लाई है। ठाकुर ने स्वयं अधिवक्ता के रूप में हाईकोर्ट शिमला में याचिका दायर की थी, जिसमें उन्होंने मांग उठाई कि JBT प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को भी TGT कमीशन की परीक्षा में शामिल होने का अधिकार दिया जाए।

 

हाईकोर्ट ने इस मामले में सुनवाई करते हुए अहम आदेश दिए हैं। अदालत ने कहा कि याचिकाकर्ताओं को अस्थायी तौर पर भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने की अनुमति दी जाती है और वे ऑफ़लाइन आवेदन जमा कर सकेंगे। साथ ही, अदालत ने यह भी माना कि हिमाचल प्रदेश के विभिन्न ज़िलों से आने वाले उम्मीदवारों के लिए खराब मौसम और दूरी की वजह से 31 अगस्त तक हमीरपुर पहुँच पाना संभव नहीं है।

इस पर कोर्ट ने आयोग को निर्देश दिए हैं कि ऑफ़लाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि को आगे बढ़ाया जाए, ताकि सभी इच्छुक अभ्यर्थियों को उचित अवसर मिल सके।

मोहित ठाकुर का कहना है कि यह फैसला उन हज़ारों JBT अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है, जो अब तक TGT परीक्षा से वंचित रह जाते। उनका कहना है कि शिक्षकों के भविष्य से जुड़ा यह मसला लंबे समय से पेंडिंग था और अब न्यायालय ने इस पर सकारात्मक निर्णय दिया है।

इस आदेश के बाद प्रदेश के JBT प्रशिक्षित युवाओं में नई उम्मीद जगी है और अब वे भी TGT भर्ती प्रक्रिया में भाग लेकर अपने भविष्य को संवार सकेंगे।