पल्लवी की मौत नहीं, यह संस्थागत हत्या है : दोषियों पर सख़्त से सख़्त कार्रवाई हो— रूमित सिंह ठाकुर

 

धर्मशाला/विवेकानंद वशिष्ठ :-  पल्लवी रैगिंग केस पर रूमीत सिंह ठाकुर का ब्यान,  राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की छात्रा पल्लवी की मौत नहीं — यह संस्थागत हत्या है : दोषियों पर सख़्त से सख़्त कार्रवाई हो — रूमित सिंह ठाकुर अध्यक्ष, राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी एवं देवभूमि क्षत्रिय संगठन सवर्ण मोर्चा

राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की छात्रा पल्लवी के साथ हुई घटनाएं केवल उत्पीड़न नहीं बल्कि एक सुनियोजित और अमानवीय प्रक्रिया प्रतीत होती हैं, जिसने एक होनहार बेटी की जान ले ली। पल्लवी पिछले तीन महीनों से गंभीर मानसिक अवसाद में थी, जिसका कारण कॉलेज में उसके साथ हुई लगातार रैगिंग, मानसिक उत्पीड़न और कथित रूप से शारीरिक प्रताड़ना रहा।

स्वास्थ्य बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां वह कई दिनों तक जीवन और मृत्यु से संघर्ष करती रही और अंततः 26 दिसंबर को वेंटिलेटर पर उसकी मृत्यु हो गई। यह सिर्फ एक मृत्यु नहीं बल्कि दोषियों की क्रूरता और व्यवस्था की असंवेदनशीलता से हुई संस्थागत हत्या है।

पल्लवी के इलाज के लिए उसके पिता ने लाखों रुपये का कर्ज लिया, फिर भी अपनी बेटी को नहीं बचा सके। आज वह एक ओर बेटी को खोने का असहनीय दुख झेल रहे हैं और दूसरी ओर भारी आर्थिक बोझ तले दबे हैं।

 

राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी एवं देवभूमि क्षत्रिय संगठन सवर्ण मोर्चा सरकार और प्रशासन से मांग करता है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए, दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी हो, और पीड़ित परिवार को न्याय तथा सम्मानजनक मुआवज़ा प्रदान किया जाए।

 

हम यह भी मांग करते हैं कि कॉलेज प्रशासन की भूमिका की निष्पक्ष जांच हो और जिनकी लापरवाही या मिलीभगत सामने आए, उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।

पल्लवी को न्याय दिलाना केवल एक परिवार का नहीं बल्कि पूरे समाज का कर्तव्य है।
राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी एवं देवभूमि क्षत्रिय संगठन सवर्ण मोर्चा न्याय मिलने तक संघर्ष करता रहेगा।