नशे की गिरफ्तारी से खुल सकती है, विधायक विरोधी साजिश की परतें: अरविंद शर्मा

बड़सर/हमीरपुर :— बड़सर क्षेत्र में चिट्टे के साथ पकड़े गए युवाओं के खिलाफ पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई का स्वागत करते हुए भाजपा युवा मोर्चा जिला महामंत्री अरविंद ने कहा कि यह कार्रवाई केवल नशे के कारोबार पर प्रहार नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से विधायक के खिलाफ रची गई एक सुनियोजित साजिश की कई परतें भी उजागर हो सकती हैं।

नेता–सोशल एक्टिविस्ट की भूमिका संदिग्ध : अरविंद शर्मा

 

 

उन्होंने कहा कि नशा समाज, विशेषकर युवाओं को भीतर से खोखला कर रहा है और इसके खिलाफ कठोर कदम उठाना समय की आवश्यकता है।

अरविंद ने कहा कि पकड़ा गया युवक साहिल वही व्यक्ति है, जिसका नाम पूर्व में भी नशे के अवैध कारोबार से जुड़े मामलों में सामने आ चुका है और जिसके खिलाफ पहले से केस दर्ज बताए जाते हैं।

 

उन्होंने बताया कि इस मामले में विधायक के साले के बेटे द्वारा भी साहिल का नाम लिया गया था, जिससे इस पूरे प्रकरण की गंभीरता और बढ़ जाती है।

भाजपा युवा मोर्चा जिला महामंत्री ने कहा कि साहिल के पीछे एक राजनीतिक नेता और तथाकथित सोशल एक्टिविस्ट की भूमिका भी संदेह के घेरे में है।

 

उन्होंने पुलिस से मांग की कि साहिल की कॉल डिटेल व संपर्कों की निष्पक्ष जांच कर जनता के सामने तथ्य रखे जाएं, ताकि विधायक के खिलाफ षडयंत्र रचने वाले चेहरों की पहचान हो सके।

अरविंद ने सवाल उठाया कि पुलिस जनता को यह स्पष्ट रूप से बताए कि जिन सोशल एक्टिविस्टों, नेताओं और फर्जी आईडी चलाने वालों की सक्रियता पहले लगातार दिखाई देती रही है, उनका साहिल के साथ आखिर क्या रिश्ता है।

 

उन्होंने कहा कि जो लोग सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी के माध्यम से लगातार भ्रम फैलाते रहे हैं, वे अब इस मामले में चुप क्यों हैं।

उन्होंने कहा कि साहिल की गिरफ्तारी को आज तीसरा दिन हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद न तो “बड़सर की खबर”, न “बड़सर की आवाज” और न ही अन्य फर्जी आईडी से कोई प्रतिक्रिया सामने आई है।

 

अरविंद ने कहा कि जो लोग हर मुद्दे पर विधायक को बदनाम करने में सबसे आगे रहते थे, उनकी यह खामोशी कई सवाल खड़े करती है।

अरविंद ने यह भी कहा कि जिस सोशल एक्टिविस्ट ने सार्वजनिक रूप से यह स्वीकार किया है कि उसकी विधायक से व्यक्तिगत लड़ाई है, उसका इस गंभीर मामले पर मौन रहना संदेह को और गहरा करता है।

 

उन्होंने कहा कि जनता अब इन साजिशों को समझने लगी है और सच सामने लाना पुलिस व प्रशासन की जिम्मेदारी है।

अंत में अरविंद ने दोहराया कि विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी सूरत में जमानत नहीं मिलनी चाहिए और उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि भाजपा नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर अडिग है और इस सामाजिक बुराई को जड़ से खत्म करने के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा।