



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- हिमाचल प्रदेश व्हीलचेयर क्रिकेट टीम के उपकप्तान स्वर्गीय विपिन राणा की पावन स्मृति में आयोजित रक्तदान शिविर ने मानवता, सेवा और संवेदनशीलता की एक अनुकरणीय मिसाल प्रस्तुत की।

इस अवसर पर व्हीलचेयर क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने जिस समर्पण, साहस और जज़्बे के साथ रक्तदान किया, वह समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है।



कड़कड़ाती ठंड में, जब सामान्य जन के लिए घर से बाहर निकलना भी कठिन होता है, उस समय खिलाड़ियों का रक्तदान के लिए आगे आना उनके विशाल हृदय और निस्वार्थ सेवा भावना को दर्शाता है।




यह पहल केवल रक्तदान तक सीमित नहीं रही, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व और इंसानियत का एक सशक्त संदेश भी बनी।

कार्यक्रम के दौरान हिमाचल प्रदेश व्हीलचेयर क्रिकेट टीम के डायरेक्टर एवं जिला हमीरपुर दिव्यांग समीक्षा समिति के सदस्य राजन कुमार, जो स्वयं 100 प्रतिशत दिव्यांग हैं, ने 16वीं बार रक्तदान कर एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उनका यह योगदान न केवल खिलाड़ियों बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत है।

इस अवसर पर राजन कुमार ने कहा कि रक्तदान करने से शरीर में किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती, बल्कि यह एक सुरक्षित और जीवनदायी प्रक्रिया है। रक्तदान के माध्यम से कई ज़रूरतमंदों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने सभी स्वस्थ नागरिकों से अपील की कि वे प्रत्येक तीन माह में एक बार रक्तदान अवश्य करें, ताकि किसी की बहुमूल्य ज़िंदगी बचाई जा सके।
इस रक्तदान शिविर के माध्यम से व्हीलचेयर क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने यह सिद्ध कर दिया कि दिव्यांगजन किसी भी रूप में समाज से पीछे नहीं हैं, बल्कि सेवा, समर्पण और सामाजिक दायित्व निभाने में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे जज़्बे, सोच और मानवीय मूल्यों को सादर नमन है
















Total Users : 125215
Total views : 189399