



चंबा/विवेकानंद वशिष्ठ:- देवभूमि हिमाचल के चम्बा भरमौर की खुन्देल पंचायत स्थित ऐतिहासिक गिरड माता मंदिर आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर राख हो गया. इस दुखद घटना के बाद गिरड गांव सहित आसपास के इलाकों में शोक की लहर है।
1000 साल पुराना ऐतिहासिक मंदिर जलकर हुआ राख



लोगों की गहरी आस्था से जुड़ा यह मंदिर नष्ट होने से ग्रामीणों में भारी दुख और निराशा देखने को मिल रही है. गिरड गांव के लगभग हर परिवार के लिए यह मंदिर आस्था का केंद्र रहा है।



ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर के जलने के बाद से कई लोग सदमे में हैं और कुछ परिवारों ने तो शोक स्वरूप भोजन तक ग्रहण नहीं किया है. मान्यता है कि यह मंदिर 1000 वर्ष से भी अधिक पुराना है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पांडवों के अज्ञातवास से जुड़े कुछ निशान आज भी इस क्षेत्र में देखे जा सकते हैं, हालांकि इसके ठोस ऐतिहासिक प्रमाण नहीं हैं, लेकिन यह निर्विवाद है कि मंदिर अत्यंत प्राचीन और सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण रहा हैं।

यह मंदिर गिरड गांव और आसपास के गांवों के लोगों की कुलदेवी का स्थान भी है. यहां वर्षभर श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए जातर लेकर आते थे. मन्नत पूरी होने पर बच्चों के मुंडन संस्कार भी इसी मंदिर में करवाए जाते हैं।
मंदिर के नष्ट होने से लोगों की धार्मिक गतिविधियां पूरी तरह ठप हो गई हैं. ग्रामीणों को अब उम्मीद है कि प्रशासन और सरकार के सहयोग से जल्द ही गिरड माता मंदिर का पुनर्निर्माण होगा और यह आस्था का केंद्र एक बार फिर जीवित हो उठेगा.स्थानीय ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि खुन्देल पंचायत में स्थित गिरड माता का मंदिर आग लगने से पूरी तरह नष्ट हो गया है।
यह मंदिर क्षेत्र के अधिकांश लोगों की कुलदेवी का स्थान है, जहां मन्नतें मांगी जाती थीं. ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि मंदिर के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को देखते हुए इसके पुनर्निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू किया जाए।
डीसी चम्बा मुकेश रेपस्वाल ने बताया कि खुन्देल पंचायत में गिरड माता मंदिर के आग की भेंट चढ़ने की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की।

प्रशासन की टीम को मौके पर भेजा गया है और मंदिर से संबंधित प्राचीन अवशेषों और सामान को सुरक्षित एकत्र किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से हर संभव प्रयास किया जाएगा, ताकि मंदिर का पुनर्निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू हो सके और श्रद्धालु दोबारा पूजा-अर्चना कर सके।















Total Users : 126580
Total views : 191471