



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- जिला हमीरपुर में कुछ दिनों पहले हुई घटना जिसमें निजी बस में तोड़फोड़ और मारपीट की वारदात के बाद भागते समय हुई कार दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवती की एम्स बिलासपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई।

युवती अनाथ थी और अपनी नानी के घर बकारटी में रहती थी। घटना के बाद से वह कोमा में थी और जिंदगी व मौत के बीच संघर्ष कर रही थी, लेकिन बुधवार को उसने दम तोड़ दिया।


जानकारी के अनुसार बीते वीरवार को सलासी में कुछ युवकों ने एक निजी बस को रोककर उसमें तोड़फोड़ की और चालक-परिचालक के साथ मारपीट की।



वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी-अपनी गाड़ियों में सवार होकर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि इस दौरान उक्त युवती भी आरोपियों के साथ मौजूद थी।
मारपीट की घटना के बाद जब आरोपी तेजी से भाग रहे थे, तभी पक्का भरो के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में कार में सवार युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।

मौके पर मौजूद एक निजी बस ऑपरेटर ने मानवीय पहल करते हुए युवती को तुरंत मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया।
एम्स में उपचार के दौरान युवती लगातार कोमा में रही। चिकित्सकों ने उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते वह जिंदगी की जंग हार गई। युवती की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर है
वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हमीरपुर राजेश कुमार ने युवती की मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले में नियमानुसार जांच की जा रही है। बस में तोड़फोड़, मारपीट और इसके बाद हुई दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।
पुलिस आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
















Total Users : 125340
Total views : 189594