



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- प्रदेश सरकार द्वारा उद्यान विभाग के माध्यम से किए जा रहे प्रयासों से जिला हमीरपुर भी फल उत्पादन में अपनी पहचान बनाने लगा है। वर्ष 2025 के विभागीय आंकड़ों के अनुसार जिला में बागवानी क्षेत्र बढ़कर लगभग 8100 हैक्टेयर और फल उत्पादन करीब 2200 मीट्रिक टन तक पहुंच गया है।
जिला में बढ़ रहा है फलों का उत्पादन, कोल्ड स्टोर होंगे फायदेमंद: उपनिदेशक


उद्यान विभाग के उपनिदेशक राजेश्वर परमार ने बताया कि प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना एचपीशिवा परियोजना और बागवानी तकनीकी मिशन के तहत जिला में मौसम्बी, संतरा, अमरूद, आम, लीची और अनार आदि फलों के पौधारोपण को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दिया जा रहा है।



वर्ष 2025 में 2200 मीट्रिक टन तक पहुंच गया है फलों का उत्पादन
विभाग ने वर्ष 2030 तक जिला में फलों के अंतर्गत क्षेत्रफल को लगभग 9000 हैक्टेयर और उत्पादन लगभग 5000 मीट्रिक टन तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।

उपनिदेशक ने बताया कि आने वाले समय में फल उत्पादन बढ़ने की संभावनाओं को देखते हुए जिला में कोल्ड स्टोरों की आवश्यकता भी महसूस होगी।
इसके मद्देनजर बागवानों को अभी से ही कोल्ड स्टोरों के निर्माण के लिए प्रेरित एवं प्रोत्साहित किया जा रहा है। इनके निर्माण पर उद्यान विभाग 50 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान कर रहा है।
राजेश्वर परमार ने बताया कि जिला हमीरपुर में फलों का तुड़ान वर्षा ऋतु से शुरू होकर सर्दियों तक चलता है। पूरे जिले में एक ही समय अधिक उपज आने पर कई बार बागवानों को उनकी उपज का उचित मूल्य प्राप्त नहीं हो पाता है और इन फलों के खराब होने पर बागवानों को भारी नुक्सान होता है।
ऐसी परिस्थितियों में बागवान अपनी उपज को कोल्ड स्टोर में रख सकते हैं तथा इन्हें उपयुक्त समय पर बाजार में उतारकर अच्छे दाम हासिल कर सकते हैं। अगर कोई बागवान या उद्यमी बागवानी तकनीकी मिशन के अंतर्गत कोल्ड स्टोर बनाना चाहता है तो वह उद्यान विभाग के कार्यालय में संपर्क कर सकता है।

उपनिदेशक ने बताया कि जिला हमीरपुर में डिडवीं क्षेत्र के उद्यमी सुरेश कुमार और भिड़ा के विजयपाल कौशल ने 52-52 लाख रुपये की लागत से कोल्ड स्टोरेज इकाइयां स्थापित की हैं।
इन इकाइयों पर उन्हें 26-26 लाख रुपये की सब्सिडी दी गई है। दोनों इकाइयां सौर ऊर्जा से संचालित की जा रही हैं। उपनिदेशक ने जिला के बागवानों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील की है।















Total Users : 125296
Total views : 189542