




हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- बड़सर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल ने आज जन्हेंण पंचायत के टिब्बी गांव का दौरा किया, जहां बीते दिन हुई अत्यधिक वर्षा के चलते आम जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। भारी बारिश के कारण गांव में कई घरों को नुकसान पहुंचा है, खेतों में खड़ी फसलें बह गई हैं, रास्ते अवरुद्ध हो गए हैं तथा मूलभूत ढांचा प्रभावित हुआ है।

विधायक लखनपाल ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनके दुख-दर्द को साझा किया और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान करने का भरोसा दिलाया।

उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों की तुरंत पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर आपदा राहत सहायता उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय प्रशासन को संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करना चाहिए ताकि पीड़ितों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल ने प्रदेश सरकार पर साधा निशाना

विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल ने प्रदेश सरकार की उदासीनता और असंवेदनशीलता पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा, “जब प्रदेश की जनता आपदा जैसी परिस्थितियों से जूझ रही होती है, उस समय प्रदेश सरकार की चुप्पी और निष्क्रियता बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

मुख्यमंत्री द्वारा SC कंपोनेंट से बनने वाली सड़कों के बजट को समाप्त करना अनुसूचित जाति वर्ग के प्रति सरकार की मानसिकता को दर्शाता है। यह निर्णय पूरी तरह से तानाशाही और जनविरोधी है।”

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वर्ष 2023 में जब प्रदेश में व्यापक पैमाने पर प्राकृतिक आपदाएं आई थीं, उस समय भी जिन लोगों ने आपदा राहत के लिए आवेदन किए थे, उन्हें आज दिन तक कोई मुआवजा नहीं मिला। उन्होंने कहा कि सरकार की घोषणाएं सिर्फ कागजों तक सीमित हैं और ज़मीनी स्तर पर कुछ भी लागू नहीं हो रहा।

“भाजपा के एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि होने के नाते मैं इस मुद्दे को प्रदेश विधानसभा में पूरी ताकत से उठाऊंगा। मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि पीड़ित परिवारों को न्याय मिले, और सरकार की जवाबदेही तय हो।” – इन्द्रदत्त लखनपाल, विधायक बड़सर

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय प्रशासन से भी अपील की कि वे राहत कार्यों में सक्रिय सहयोग दें और प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान करें।




















