कारगिल विजय दिवस पर ABVP ने दी वीर गति को प्राप्त हुए वीर जवानों को श्रद्धांजलि

 शिमला/विवेकानंद वशिष्ठ :-   अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई द्वारा ‘कारगिल विजय दिवस’ के उपलक्ष्य में वीर शहीदों की स्मृति में एक पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय परिसर स्थित पुस्तकालय के बाहर आयोजित किया गया, जहां सैकड़ों छात्रों, प्राध्यापकों तथा परिषद के कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शूरवीरों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

विश्वविद्यालय परिसर गूंजा ‘भारत माता की जय’ के नारों से

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोषों के साथ हुई। तत्पश्चात सभी उपस्थितजनों ने दो मिनट का मौन रखकर कारगिल युद्ध में वीरगति को प्राप्त हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय परिसर में वीरता और राष्ट्रभक्ति का वातावरण देखने को मिला।

ABVP के विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष हनी शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि “कारगिल विजय दिवस केवल एक सैन्य सफलता नहीं, बल्कि भारत की अदम्य साहस, एकता और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। हमें अपने शहीदों के बलिदान को केवल याद ही नहीं करना चाहिए, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का भी प्रयास करना चाहिए।”

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के इकाई सचिव आशीष शर्मा ने युवाओं को देशसेवा के प्रति प्रेरित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों को समझना और निभाना अत्यंत आवश्यक है। कारगिल युद्ध ने हमें सिखाया कि सीमाएं केवल सैनिक नहीं, अपितु प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी होती हैं।

कार्यक्रम के अंत में ABVP की ओर से यह संकल्प लिया गया कि परिषद भविष्य में भी राष्ट्र के गौरवशाली इतिहास को युवाओं तक पहुँचाने के लिए इसी प्रकार के आयोजन करती रहेगी और देशभक्ति की भावना को हर छात्र के भीतर जागृत करने का प्रयास करती रहेगी।

 

[post-views]