देश के किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना: उषा बिरला

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :-   प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के कल्याण हेतु चलाई जा रही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-KISAN) आज देश के करोड़ों किसानों के लिए उम्मीद की एक नई किरण बन चुकी है। इस योजना के माध्यम से सरकार सीधे किसानों के बैंक खातों में आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है, जिससे किसानों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनने में मदद मिली है।
भाजपा नेत्री उषा बिरला ने इस अवसर पर कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के वाराणसी से पीएम-किसान योजना की 20वीं किस्त जारी कर इतिहास रच दिया। इस चरण में 9.7 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 20,500 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधी लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से भेजी गई।
उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि आज तक इस योजना के अंतर्गत कुल 3.90 लाख करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि किसानों को उनके अधिकार के रूप में दी जा चुकी है। यह केवल एक योजना नहीं, बल्कि देश के अन्नदाताओं के प्रति प्रधानमंत्री की संवेदनशीलता और उनकी दूरदर्शिता का प्रतीक है।
उषा बिरला ने आगे कहा कि विपक्ष जहां केवल किसानों के नाम पर राजनीति करता है, वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें आर्थिक सुरक्षा और सम्मान देने का काम किया है। यह योजना किसानों को खेती के लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था करने में भी मदद कर रही है, जिससे उत्पादन बढ़ा है और उनकी आमदनी में सुधार हुआ है।
भाजपा नेत्री ने प्रदेश के किसानों से आह्वान किया कि वे इस योजना का अधिकतम लाभ उठाएं और अपने भविष्य को सशक्त बनाने के लिए सरकार द्वारा दिए जा रहे हर अवसर का लाभ लें।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना से कार्य कर रही है, और जब तक एक भी किसान समस्याओं से जूझ रहा है, तब तक केंद्र सरकार का प्रयास जारी रहेगा।
[post-views]