




हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- हिमाचल प्रदेश व्हीलचेयर क्रिकेट टीम के डायरेक्टर एवं जिला हमीरपुर दिव्यांग समीक्षा समिति के सदस्य ने पूरी टीम की ओर से उपायुक्त हमीरपुर अमरजीत सिंह का हृदय से आभार व्यक्त किया है।

राजन कुमार ने बताया कि उनके निवेदन पर उपायुक्त महोदय द्वारा हिमाचल प्रदेश व्हीलचेयर क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों के लिए 3 लाख रुपये की राशि स्पोर्ट्स व्हीलचेयर उपलब्ध करवाने हेतु स्वीकृत की गई है।




उन्होंने कहा कि यह केवल व्हीलचेयर नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के सपनों को नई उड़ान देने वाले पंख हैं। इस सहयोग से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास और मनोबल बढ़ेगा तथा टीम और अधिक मजबूती के साथ मैदान में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकेगी।







राजन कुमार ने कहा कि उपायुक्त महोदय सदैव दिव्यांगजनों की आवाज़ बनकर उनके अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए सक्रिय रहते हैं। उनका यह योगदान न केवल खिलाड़ियों के जीवन में नई ऊर्जा का संचार करेगा, बल्कि पूरे समाज में सकारात्मक संदेश भी देगा।




आपको बता दें कि स्वयं 100% दिव्यांग होते हुए भी राजन कुमार हमेशा दिव्यांगजनों की समस्याओं को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए तत्पर रहते हैं।
वे दिव्यांगों की समस्याओं को सुलझाने व मुख्य धारा से जोड़ने की कोशिश करते हैं। उनके सामाजिक योगदान को जितना सराहा जाए उतना कम है।


राजन कुमार ने उपायुक्त महोदय अमरजीत सिंह का दिल से धन्यवाद करते हुए कहा कि उनका यह सहयोग खिलाड़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।




