




हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- लड़कों की जिला स्तरीय अंडर-19 स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता बुधवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोरंज में आरंभ हो गई।

कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया ने इस प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में वॉलीबाल, कबड्डी, खो-खो और बैडमिंटन स्पर्धा में 6 खंडों के लगभग 270 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।











इस अवसर पर आयोजन समिति और सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते राम चंद्र पठानिया ने कहा कि खेल जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेल विद्यार्थियों में न केवल शारीरिक स्फूर्ति और मानसिक संतुलन बनाए रखते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना जैसी जीवनोपयोगी शिक्षाएं भी प्रदान करते हैं।





उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि वे पढ़ाई और खेलों में संतुलन बनाकर आगे बढ़ें ताकि वे भविष्य में राष्ट्र का नाम रोशन कर सकें।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर रही है। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं और इनकी डाइट मनी में रिकॉर्ड वृद्धि की गई है। राम चंद्र पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में बहुत ही सराहनीय सुधार किए हैं।

इससे शिक्षा के स्तर में प्रदेश की रैंकिंग 21वें नंबर से अब तीसरे नंबर पर पहुंच गई है। राज्य सरकार द्वारा विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल शिक्षा संसाधन, और खेल मैदानों का विस्तार जैसी कई योजनाएँ लागू की जा रही हैं।
विशेषकर ग्रामीण व दूरदराज़ के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इसके साथ ही नई पीढ़ी को रोजगारोन्मुख शिक्षा से जोड़ने के प्रयास भी सराहनीय हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आशीर्वाद से स्थानीय विधायक सुरेश कुमार ने भोरंज विधानसभा क्षेत्र का चहुमुखी विकास सुनिश्चित किया है। विधायक के प्रयासों से यह क्षेत्र एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में उभर रहा है।
समारोह के विशिष्ट अतिथि ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल ने भी अपने विचार रखे। प्रधानाचार्य अनिल डोगरा ने मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा खिलाड़ियों को अनुशासन और खेलभावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।




