



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल मैड में आज वार्षिक पारितोषिक समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेस नेता व समाजसेवी डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा का स्कूल की प्रिंसिपल पूनम शर्मा, स्टाफ तथा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के सहयोग से विद्यालय में स्थापित अत्याधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला तथा सोलर पावर प्लांट का लोकार्पण किया गया। विद्यालय की प्रिंसिपल पूनम शर्मा ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की उपलब्धियों और मेधावी छात्रों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की जानकारी दी।



अपने संबोधन में डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश ने शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है। दो वर्षों में हिमाचल प्रदेश ने देश में 21वें से 5वें स्थान पर पहुंचकर बड़ा मुकाम हासिल किया है, और कई श्रेणियों में प्रदेश प्रथम एवं द्वितीय स्थान पर है।




उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच का परिणाम है कि प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम शुरू किया गया है, ताकि हिमाचल के बच्चे देशभर में प्रतिस्पर्धा कर सकें और कहीं पीछे न रहें।
साथ ही सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रदेश के 100 विद्यालयों को सीबीएसई बोर्ड के तहत चयनित कर प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है।

डॉ. वर्मा ने कहा कि शिक्षा के साथ साथ खेलों में भी हिमाचल प्रदेश नए आयाम स्थापित कर रहा है।
प्रदेशभर में इंडोर स्टेडियमों का निर्माण किया जा रहा है तथा हर विधानसभा क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप राजीव गांधी मॉडल स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें शिक्षा, खेल, संतुलित आहार, परिवहन सहित सभी सुविधाएं शीर्ष स्तर पर उपलब्ध करवाई जाएंगी।
कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों, विद्यार्थियों और शिक्षकों ने इन घोषणाओं और उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त की।
इस अवसर पर एमसी प्रधान सुनील ठाकुर ,उप प्रधान रणजीत सिंह, रमेश महला, लेखराज महला, कुलविंदर महला ,ठाकुर वीर सिंह, अश्विनी चंबियाल, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष दिवस ठाकुर ,जिला यूथ कांग्रेस महासचिव रोहित ,मौजी राम जोगिंदर कुमार, वीरेंद्र सप्पू और बहुत से अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
















Total Users : 125186
Total views : 189361