डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल में साइबर सुरक्षा जागरूकता सत्र का आयोजन

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- आज के डिजिटल युग में बच्चे इंटरनेट का उपयोग शिक्षा, मनोरंजन तथा सामाजिक संपर्क के लिए व्यापक रूप से कर रहे हैं। जहां तकनीक उन्हें अनेक अवसर प्रदान करती है, वहीं साइबर बुलिंग, ड्रग आडिक्शन, नशे का व्यापार, ऑनलाइन धोखाधड़ी, व्यक्तिगत जानकारी के दुरुपयोग तथा अनुचित सामग्री जैसे जोखिम भी बढ़ते जा रहे हैं।

 

इन्हीं जोखिमों से बचाव हेतु विद्यार्थियों व अभिभावकों में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, हमीरपुर में 26 नवम्बर 2025 को साइबर सुरक्षा जागरूकता सत्र का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।

 

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करना था।इस अवसर पर माननीय भगत सिंह ठाकुर पुलिस अधीक्षक, हमीरपुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

 

उन्होंने साइबर सुरक्षा से जुड़ी उपयोगी जानकारियाँ साझा करते हुए छात्रों व अभिभावकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने हेतु प्रेरित किया। सत्र का संचालन दो चरणों में हुआ—प्रातः 10:00 बजे कक्षाओं 6वीं से 10वीं के विद्यार्थियों के लिए और प्रातः 11:00 बजे अभिभावकों के लिए किया गया ।

विद्यार्थियों को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, साइबर बुलिंग से बचाव, पासवर्ड सुरक्षा , नशों की आदत तथा संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों से सावधान रहने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

 

अभिभावक सत्र में बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों की निगरानी, सुरक्षित ब्राउजिंग आदतें, स्क्रीन टाइम नियंत्रण, सोशल मीडिया उपयोग में सावधानी तथा साइबर अपराध की स्थिति में उठाए जाने वाले आवश्यक कदमों के बारे में विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन दिया गया।

 

अभिभावकों को घर में सुरक्षित डिजिटल वातावरण स्थापित करने और बच्चों के साथ साइबर सुरक्षा को लेकर संवाद बनाए रखने पर भी बल दिया गया।

 

 

इस अवसर पर माननीय भगत सिंह ठाकुर पुलिस अधीक्षक, हमीरपुर ने साइबर सुरक्षा से जुड़ी उपयोगी जानकारियाँ साझा करते हुए छात्रों व अभिभावकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने हेतु प्रेरित किया।

 

 

उन्होंने बताया कि बच्चों को इंटरनेट का समझदारी और सावधानी से उपयोग करना आवश्यक है ताकि वे किसी भी प्रकार के साइबर अपराध का शिकार न हों। इस मौके पर उन्होंने विद्यार्थियों को शपथ भी दिलाई।