



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- महिला एवं बाल विकास विभाग हमीरपुर के तत्वावधान में आज सर्वहित सुधार सभा भवन, हमीरपुर में “चैंपियन बेटियों के साथ प्रेरणादायक संवाद” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा रहे।
डॉ पुष्पेंद्र वर्मा बने चैंपियन बेटियों के प्रेरणा स्रोत



मुख्य अतिथि के आगमन पर सीडीपीओ हमीरपुर सुनीता शर्मा एवं विभागीय टीम द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया। इसके बाद डॉ. वर्मा ने छोटी बच्चियों के साथ रिबन काटकर तथा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।




कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित लघु नाटिकाओं, कव्वाली और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सुंदर संदेश दिया।

इस दौरान हमीरपुर की 24 पंचायतों की होनहार बेटियों को सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि “महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं, बल्कि कई मामलों में उनसे बेहतर हैं। महिलाओं को पुरुषों की बराबरी करने की आवश्यकता नहीं, क्योंकि प्रकृति ने उन्हें पहले ही विशेष गुणों से संपन्न बनाया है। और इसीलिए सनातन धर्म में महिलाओं को विशेष स्थान दिया गया है और देवी स्वरूप में उनका पूजन किया जाता है।
उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में बिना कोई चुनावी दौर के दो बार ₹500-₹500 की वृद्धि कर यह साबित किया है कि कांग्रेस पार्टी उन प्रत्येक लोगों तक लाभ पहुंचाना चाहती है, जो दूरदराज़ क्षेत्रों में बच्चों और समाज के भविष्य निर्माण में जुटे हैं।
डॉ. वर्मा ने कार्यक्रम में उपस्थित माताओं से भी आग्रह किया कि वे आंगनबाड़ी केंद्रों पर भरोसा रखें और अपने बच्चों को नियमित रूप से भेजें, क्योंकि हमारी प्रशिक्षित कार्यकर्ताएँ किसी भी निजी प्ले-स्कूल से बेहतर देखभाल और सुविधाएँ दे सकती हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा बच्चों के पोषण के लिए शुरू किए गए स्पेशल पोषण किट अभियान को भी सराहनीय कदम बताया, जो प्रदेश के बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति सरकार की गंभीरता को दर्शाता है।

अंत में सभी चैंपियन बेटियों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और माइंड पावर किताबें देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पूर्व शहरी कांग्रेस अध्यक्ष देवदास शहंशाह, पार्षद डॉ. हर्ष कालिया, पूर्व प्रधान राकेश शर्मा, यूथ कांग्रेस उपाध्यक्ष रजत राणा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।















Total Users : 125191
Total views : 189366