




हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- हिमाचल भवन,सड़क एवं अन्य निर्माण मजदूर यूनियन (संबंधित सीटू) ने श्रम कल्याण बोर्ड व प्रदेश सरकार के खिलाफ बिझड़ ब्लॉक के गांव-गांव में विरोध प्रदर्शनों की शुरुआत की । उल्लेखनीय है जब से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी है तब से ही श्रम कल्याण बोर्ड के में मजदूरों का पंजीकरण व नवीनीकरण नहीं हो रहा है।
मजदूरों के लंबित लाभ जारी नहीं किए जा रहे हैं जिससे मजदूरों में भारी निराशा है। मजदूर लगातार अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाते आ रहे हैं मुख्यमंत्री समेत तमाम सरकार के प्रतिनिधियों से कई मर्तबा मिल चुके हैं मगर गूंगी बहरी सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है।
श्रम कल्याण बोर्ड के सचिव से बात करें तो वह कुछ और बातें करते हैं और जिलों में उनके श्रम कल्याण अधिकारी अलग तरह की अपनी डफली अपना राग अपनाते हैं। अलग-अलग जिलों में काम करने के अलग-अलग पैमाने तय हैं। अपनी मनमर्जी के मुताबिक श्रम कल्याण अधिकारियों द्वारा 1996 में बने कानून को अब नए तरीके से परिभाषित किया जा रहा है
और नए नए बहाने बनाकर गरीब मजदूरों को परेशान किया जा रहे हैं जिससे मजदूरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 1996 में निर्माण मजदूरों के लिए बने इस कानून के तहत श्रम कल्याण बोर्ड में मजदूरों का पंजीकरण व नवीनीकरण होता है और मजदूरों को सामाजिक सुरक्षा जैसे बच्चों को पढ़ाने के लिए छात्रवृत्ति, बीमारी की स्थिति में इलाज, बच्चों की शादी के लिए, बुढ़ापे में पेंशन आदि का सहारा इत्यादि लाभ दिए जाते हैं।
परंतु नई सरकार के बनने के बाद से और नए श्रम अधिकारियों की मनमर्जी और गैर जिम्मेदाराना तरीके से हमीरपुर जिला के हजारों मजदूर बेहद परेशान है इसलिए यूनियन ने अब गांव के स्तर पर गांव-गांव कल्याण बोर्ड और सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का फैसला किया है इसी कड़ी में आज बिझड़ ब्लॉक के सोहारी,पपलोहल,सरयाणा,कच्छवीं व बिझड़ गांवों में मजदूरों ने प्रदर्शनों की शुरुआत की और सरकार और श्रम कल्याण बोर्ड के अधिकारियों के खिलाफ जमकर रोष निकाला।
मजदूरों का कहना है कि अगर निर्माण मजदूरों के कल्याण बोर्ड ने लाभ जारी नहीं किए गए और मजदूरों का नवीनीकरण व पंजीकरण पहले की तरह नहीं शुरू किया गया तो आने वाले समय में आंदोलन और शेर की और तेज किया जाएगा। आज के प्रदर्शनों में सीटू के राष्ट्रीय सचिव डॉक्टर कश्मीर सिंह ठाकुर बिझड़ ब्लॉक के अध्यक्ष धर्म सिंह सचिव प्रवीण कुमार रेखा,कांता,रीना,धनीराम,नेक राम,राजेंद्र सहित दर्जनों लोगों ने हिस्सा लिया।


















