




हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- दी हमीरपुर उपभोक्ता संरक्षण संगठन और जिला नियंत्रक खाद्य आपूर्ति एवम् उपभोक्ता मामले के संयुक्त तत्वाधान में हमीरपुर जिला के चलोखर में विश्व उपभोक्ता दिवस के उपलक्ष्य में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला उपायुक्त हमीरपुर मनेश यादव रहे, इसके अलावा जिला नियंत्रक खाद्य आपूर्ति उपभोक्ता मामले अरविंद शर्मा भी इस कार्यक्रम में वशिष्ठ अतिथि के रूप में शामिल हुए।
गौरतलब है कि दी हमीरपुर उपभोक्ता संरक्षण संगठन जो पिछले 38 वर्षों से विश्व उपभोक्ता दिवस के अवसर पर उपभोक्ताओं की जागरूकता के लिए यह कार्यक्रम आयोजित करता है। इसी कड़ी में आज हमीरपुर के दूर दराज के गांव चलोखर की सहकारी सभा में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि मनेश यादव ने संगठन की तारीफ करते हुए कहा कि ऐसे संगठन समाज को सही दिशा की ओर लेकर जा रहे हैं उन्होंने कहा कि हमीरपुर जिला देश का सबसे साक्षर जिला है और यहां के लोग अपने अधिकारों के प्रति पहले से ही जागरूक हैं पर जिस प्रकार से उपभोक्ताओं के साथ फ्रॉड के मामले बढ़ रहे हैं, जिसके लिए उपभोक्ताओं को समय-समय पर जागरूक करने का काम “दी हमीरपुर उपभोक्ता संरक्षण संगठन” ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से बखूबी कर रहा है। उन्होंने इस अवसर पर सहकारी सभा के प्रांगण में दो पौधे भी रोपित किए।
इस कार्यक्रम में उपस्थित जिला नियंत्रक खाद्य आपूर्ति उपभोक्ता मामले अरविंद शर्मा ने कार्यक्रम में उपस्थित आम लोगों को उपभोक्ताओं के अधिकारों के प्रति जागरूक कराया और वीडियो संदेशों के माध्यम से उन्हें उनके अधिकारों और किस प्रकार से हुए फ्रॉड से बच सकते हैं उसकी जानकारी दी।
अरविंद शर्मा ने कहा कि किसी भी उपभोक्ता को यदि कोई भी शिकायत है तो वह उनसे आकर सीधा संपर्क कर सकता है या दी हमीरपुर उपभोक्ता संरक्षण संगठन के माध्यम से अपनी बात वह प्रशासन तक पहुंचा सकता है उन्होंने भी संगठन की तारीफ करते हुए कहा कि इस संगठन का सहयोग उन्हें समय-समय पर मिलता रहा है। इसी कार्यक्रम में संगठन के महासचिव मनोहर लाल कानूनगो ने अपने संगठन की गतिविधियों के बारे में उपस्थित लोगों को जानकारी दी कि किस प्रकार से उन्होंने लोगों को न्याय दिलाया है और उन्होंने संगठन की कार्य प्रणाली के बारे में आम जनता और प्रशासन को बताया। कार्यक्रम में उपस्थित संगठन के मुख्य संरक्षक सुशील शर्मा ने उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के बारे में लोगों को जानकारी दी और उन्होंने लोगों से अपील की जब भी वे कोई सामान खरीदे तो वह उसका बिल अवश्य लें।
इस कार्यक्रम में रणजीत सिंह, शंभू राम, एसके कोड़ा, वीना कपिल और विशाल राणा ने अपने विचार रखें, जिसमे इन वक्ताओं ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा और ऑनलाइन ठगी से आम जनता को जागरूक रहने के उपाय बताए। इस कार्यक्रम में स्थानीय पंचायत के सैकड़ो लोगों ने भाग लिया।


















