पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात, दोनों राज्यों की समान भौगोलिक संरचना और एक जैसी चुनौतिओं पर हुई विस्तृत चर्चा: अनुराग सिंह ठाकुर 

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आज देहरादून में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की।

चर्चा के दौरान दोनों नेताओं ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की समान भौगोलिक संरचना, पर्वतीय परिस्थितियों और उनसे जुड़ी विकासात्मक चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया।

 

उन्होंने कहा कि दोनों पहाड़ी राज्यों में आधारभूत ढांचे का विकास, आपदा प्रबंधन, सड़क व कनेक्टिविटी, पर्यटन, कृषि आधारित आजीविका और पर्यावरण संतुलन जैसी चुनौतियाँ लगभग समान हैं।

 

इस संदर्भ में दोनों राज्यों के बीच अनुभवों के आदान-प्रदान और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को साझा करने की आवश्यकता पर भी सहमति बनी, ताकि पर्वतीय क्षेत्रों में सतत विकास को और गति दी जा सके।

 

इस भेंट को लेकर अनुराग सिंह ठाकुर ने सोशल मीडिया पर साझा विचारों में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रभावी और जनोन्मुखी नीतियों के कारण उत्तराखंड विकास की नई गति के साथ आगे बढ़ रहा है।

 

 

उन्होंने कहा कि राज्य में आधारभूत ढांचे और औद्योगिक विकास के साथ-साथ पहाड़ी क्षेत्रों में आजीविका और अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में कृषि, बागवानी, पशुपालन और मधुमक्खी पालन की महत्वपूर्ण भूमिका है।

 

अनुराग सिंह ठाकुर बोले कि इन क्षेत्रों को सशक्त बनाने की दिशा में धामी सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयास उल्लेखनीय और प्रशंसनीय हैं, जिससे न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बल मिल रहा है, बल्कि प्रदेश के समग्र विकास को भी नई दिशा प्राप्त हो रही है।