



शिमला/विवेकानंद वशिष्ठ :- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई द्वारा छात्रों की विभिन्न समस्याओं और शैक्षणिक हितों को ध्यान में रखते हुए माननीय कुलपति महोदय को एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा गया। परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष छात्रों की व्यावहारिक कठिनाइयों को रखते हुए उनसे शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में विशेष रूप से स्नातक (यूजी) विद्यार्थियों से जुड़ी दो प्रमुख मांगें प्रमुखता से उठाई गईं। पहली मांग के अंतर्गत परिषद ने आग्रह किया कि यूजी स्पेशल चांस के अंतर्गत आयोजित की जाने वाली परीक्षाओं में छात्रों से केवल उन्हीं विषयों की परीक्षा ली जाए, जिनमें वे असफल रहे हैं। परिषद का कहना है कि वर्तमान व्यवस्था के कारण छात्रों पर अनावश्यक मानसिक, आर्थिक और शैक्षणिक दबाव पड़ता है। कई छात्र पहले ही उत्तीर्ण विषयों की दोबारा तैयारी करने को मजबूर हो जाते हैं, जिससे उनका समय और संसाधन व्यर्थ होते हैं। यदि केवल फेल विषयों की ही परीक्षा ली जाती है, तो छात्रों को वास्तविक राहत मिलेगी और वे बेहतर परिणाम दे सकेंगे।


दूसरी मांग में यूजी परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि को आगे बढ़ाने की मांग रखी गई। परिषद ने बताया कि कई छात्र आर्थिक, तकनीकी एवं व्यक्तिगत कारणों से निर्धारित समय सीमा में परीक्षा फॉर्म नहीं भर पा रहे हैं। विशेषकर ग्रामीण एवं दूरदराज़ क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को इंटरनेट, दस्तावेज़ों तथा फीस से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसी स्थिति में अंतिम तिथि में वृद्धि करना छात्रों के भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।



एबीवीपी ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थी परिषद सदैव छात्रों की आवाज़ बनकर विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष उनकी समस्याओं को उठाती रही है। परिषद का मानना है कि विश्वविद्यालय का दायित्व केवल शैक्षणिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्र हितों की रक्षा करना भी उसका प्रमुख कर्तव्य है। यदि इन मांगों को समय रहते स्वीकार किया जाता है, तो इससे हजारों छात्रों को सीधा लाभ मिलेगा और विश्वविद्यालय की छात्र-हितैषी छवि और अधिक सुदृढ़ होगी।
माननीय कुलपति महोदय ने परिषद के प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि प्रस्तुत मांगों पर विश्वविद्यालय प्रशासन स्तर पर विचार किया जाएगा तथा छात्रों के हित में उचित निर्णय लिया जाएगा।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई ने अंत में यह दोहराया कि यदि भविष्य में भी छात्रों से जुड़े किसी भी विषय पर समस्या उत्पन्न होती है, तो परिषद लोकतांत्रिक एवं सकारात्मक तरीके से छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी ।

















Total Users : 125326
Total views : 189577