



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकासनगर के लिए यह अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि विद्यालय के होनहार योगासन खिलाड़ी यशोवर्धन अत्री ने 69वीं एस.जी.एफ.आई. राष्ट्रीय योगासन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश और विद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता पश्चिम बंगाल के दीघा (पूर्वा) में आयोजित की गई, जिसमें देशभर से श्रेष्ठ योगासन खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में यशोवर्धन अत्री ने अंडर-19 बालक वर्ग में अपने पहले ही प्रयास में चौथा स्थान प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया।


उनका यह प्रदर्शन न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि हिमाचल प्रदेश के लिए भी गर्व का क्षण है। यशोवर्धन की यह सफलता उनकी निरंतर साधना, कठोर परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का सजीव प्रमाण है।



उल्लेखनीय है कि यशोवर्धन अत्री इससे पूर्व राज्य स्तर पर चार स्वर्ण पदक अपने नाम कर चुके हैं। इसके साथ ही वे अब तक तीन राष्ट्रीय स्तर की योगासन प्रतियोगिताओं में हिमाचल प्रदेश का सफलतापूर्वक प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
उनकी निरंतर उपलब्धियाँ योगासन के प्रति उनकी गहरी रुचि, समर्पण और नियमित अभ्यास को दर्शाती हैं। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकासनगर में एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर अकादमिक प्रधानाचार्या डॉ. हिमांशु शर्मा, उप-प्रधानाचार्य अश्वनी कुमार, मुख्याध्यापिका कंचन लखन पाल एवं समन्वयिका मनीषा मारवाह ने यशोवर्धन आत्री को सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय यशोवर्धन की मेहनत के साथ-साथ उनके प्रशिक्षक कोच जिम्मी ठाकुर के मार्गदर्शन को भी दिया, जिनकी प्रेरणा और प्रशिक्षण से यह उपलब्धि संभव हो सकी।
विद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की कि यशोवर्धन भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, प्रदेश और देश का नाम गौरवान्वित करते रहेंगे।
















Total Users : 125687
Total views : 190159