विकास की गारंटी है मोदी सरकार, झूठ फैला रही सुक्खू सरकार: अनुराग ठाकुर

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आज हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने चंगर विधानसभा क्षेत्र में सामुदायिक केंद्रों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में शिरकत की तथा जनसभा को संबोधित किया।

 

अनुराग ठाकुर ने चंगर में विकास कार्यों का लोकार्पण, धनेड में छात्रों को प्रेरित किया

इससे पूर्व धनेड स्थित जी.एम. होली हार्ट पब्लिक स्कूल के वार्षिक समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। दोनों कार्यक्रमों में हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा, बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, जिला महामंत्री अजय रिंटू, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा स्थानीय गणमान्य व्यक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

 

हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के चंगर में आयोजित जनसभा में अनुराग सिंह ठाकुर ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने हर क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है।

 

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, मुफ्त राशन योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, ग्रामीण सड़क विस्तार और डिजिटल कनेक्टिविटी जैसे कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों ने आम नागरिक के जीवन स्तर को बेहतर बनाया है और भारत को वैश्विक आर्थिक शक्ति के रूप में स्थापित किया है।

 

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राजस्व घाटा अनुदान को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार जनता को भ्रमित कर रही है, जबकि केंद्र सरकार ने हिमाचल को संवैधानिक दायित्वों के अनुरूप हर सहायता समय पर प्रदान की है।

 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपनी वित्तीय विफलताओं को छिपाने के लिए केंद्र पर निराधार आरोप लगा रही है, जो पूरी तरह भ्रामक है।

 

उन्होंने भारत के सकारात्मक विदेशी व्यापार समझौतों का जिक्र करते हुए बताया कि इनसे निर्यात में वृद्धि होगी, नए रोजगार सृजित होंगे और भारतीय उद्योगों को वैश्विक बाजार में मजबूती मिलेगी।

 

 

बजट 2026–27 का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि रक्षा क्षेत्र के लिए लगभग 7.85 लाख करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है, पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए 12.2 लाख करोड़ रुपये, स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए करीब 1 लाख 7 हज़ार करोड़ रुपये, शिक्षा क्षेत्र के लिए लगभग 1 लाख 30 हजार करोड़ रुपये, महिला सशक्तिकरण एवं बाल कल्याण के लिए लगभग पाँच लाख करोड़ रुपये तथा MSME क्षेत्र के लिए करीब दस हजार करोड़ रुपये का विशेष कोष रखा गया है।

 

 

उन्होंने कहा कि यह बजट समावेशी विकास, आत्मनिर्भर भारत और मजबूत राष्ट्र निर्माण की दिशा में निर्णायक कदम है।

 

इसके पहले अनुराग सिंह ठाकुर ने धनेड स्थित जी.एम. होली हार्ट पब्लिक स्कूल के वार्षिक समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों में मंच संचालन की जिम्मेदारी बच्चों को दी जानी चाहिए ताकि उनका आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता बढ़े।

 

 

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को मोबाइल फोन से यथासंभव दूर रखा जाए ताकि वे पढ़ाई, खेल और रचनात्मक गतिविधियों पर अधिक ध्यान दे सकें।