दरोगण वासियों की एकजुटता ने बदली तस्वीर, संघर्ष के बाद NH-03 पर बनी नई पुली, खेतों को मिली राहत

हमीरपुर:- नेशनल हाईवे नंबर-03 के प्वाइंट नंबर 149 पर दरोगण गांव में पुली को लेकर चला आ रहा लंबा संघर्ष आखिरकार समाप्त हो गया है। ग्रामीणों की मांग और सतत प्रयासों के बाद निर्माण कंपनी ने यहां सड़क पर नई पुली का निर्माण कर दिया है, जिससे क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है।

 

पूर्व विधायक राजेंद्र राणा के प्रयासों पर जनता ने जताया आभार

गौरतलब है कि दरोगण गांव के खेतों में बरसाती पानी भरने और भूमि कटाव की समस्या को लेकर ग्रामीण लंबे समय से आंदोलनरत थे। बरसात के दिनों में हाईवे निर्माण के कारण सड़क के एक तरफ पानी झील का रूप ले लेता था, जिससे खेतों को भारी नुकसान हो रहा था। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के साथ-साथ पूर्व विधायक राजेंद्र राणा से भी मुलाकात की थी।

पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने स्वयं मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों से समाधान के लिए प्रभावी पहल की। इसके बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और निर्माण कंपनी ने मिलकर दरोगण के पास नई पुली तैयार कर दी। इससे अब बरसाती पानी की निकासी सुचारु होगी, खेत सुरक्षित रहेंगे और भूमि कटाव पर भी रोक लगेगी।

इस संबंध में हाईवे इंजीनियर अंकित सिंह ने बताया कि नेशनल हाईवे नंबर-03 पर दरोगण के समीप नई पुली का निर्माण कर सड़क को पक्का कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और भविष्य में बरसात के दौरान जलभराव की समस्या नहीं रहेगी।

 

नई पुली के निर्माण से खुश दरोगण वासियों ने पूर्व विधायक राजेंद्र राणा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सक्रिय भूमिका और संवेदनशीलता के कारण ही यह समस्या हल हो सकी है।