




हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- सुजानपुर में एक मार्च से 4 मार्च तक आयोजित किए जा रहे राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव की चारों सांस्कृतिक संध्याओं में हिमाचल प्रदेश के लोक कलाकारों को अधिक से अधिक समय दिया जाएगा।
होली मेले के लिए लोक कलाकारों के ऑडिशन अब 23 से 25 तक



एडीसी एवं होली उत्सव सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष अभिषेक गर्ग ने बताया कि इन चारों सांस्कृतिक संध्याओं के लिए लोक कलाकारों के चयन हेतु अब 23, 24 और 25 फरवरी को उपायुक्त कार्यालय परिसर हमीरपुर के बचत भवन में ऑडिशन लिए जाएंगे। पहले ये ऑडिशन 20 फरवरी से आरंभ किए जाने थे, लेकिन अपरिहार्य कारणों से इनकी तिथि में बदलाव किया गया है।







अब 23-24 फरवरी को जिला हमीरपुर के लोक कलाकारों और 25 फरवरी को अन्य जिलों के लोक कलाकारों के ऑडिशन लिए जाएंगे।


एडीसी ने सभी कलाकारों से अपील की है कि वे अपने आवेदनों के साथ अपने आधार नंबर, बैंक खाता नंबर और आईएफएससी कोड का सही विवरण अवश्य लिखें। क्योंकि, लोक कलाकारों के मानदेय की अदायगी डीबीटी के माध्यम से ही की जाएगी।


लोक कलाकार अपने आवेदन उपायुक्त कार्यालय परिसर हमीरपुर के कमरा नंबर 207 में स्थित एमए ब्रांच में या ऑडिशन के समय मौके पर भी जमा करवा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला भाषा अधिकारी के मोबाइल नंबर 82196-24178 पर संपर्क किया जा सकता है।

नई गतिविधियों से कलरफुल होगा होली उत्सव : अभिषेक गर्ग


एडीसी एवं राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव सुजानपुर-2026 की सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष अभिषेक गर्ग ने बताया कि इस बार के होली उत्सव को और भी ‘कलरफुल’ बनाने के लिए कई नई गतिविधियों को शामिल किया जा रहा है।
वॉयस ऑफ हमीरपुर (आवाज-ए-हमीरपुर), फैशन शो, फ्लैश मॉब, चित्रकला प्रदर्शनी और कई अन्य गतिविधियां करवाई जाएंगी
इन गतिविधियों की रूपरेखा तय करने के लिए बुधवार को सांस्कृतिक समिति के अन्य सदस्य अधिकारियों और विभिन्न शिक्षण संस्थानों के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद एडीसी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जिला हमीरपुर के प्रतिभाशाली युवा लोक कलाकारों को मंच प्रदान करने के लिए इस बार वॉयस ऑफ हमीरपुर (आवाज-ए-हमीरपुर) प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। 23 और 24 फरवरी को आयोजित होने वाले ऑडिशन के दौरान ही इस प्रतियोगिता के प्रतिभागियों का भी चयन किया जाएगा। वॉयस ऑफ हमीरपुर के लिए 16 से 30 वर्ष तक के युवा कलाकार पात्र होंगे। अगले राउंड के लिए जिन प्रतिभागियों का चयन होगा, उन्हें उनके मोबाइल नंबर पर सूचित किया जाएगा।
वॉयस ऑफ हमीरपुर के विजेता को 50 हजार, उपविजेता को 31 हजार और तृतीय गायक को मिलेंगे 25 हजार रुपये
वॉयस ऑफ हमीरपुर के विजेता को 50 हजार रुपये और उपविजेता को 31 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। तीसरे स्थान पर रहने वाले गायक को 25 हजार रुपये मिलेंगे। चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर होली उत्सव-2026 के मुख्य मंच पर प्रस्तुति देने का अवसर भी प्रदान किया जाएगा।
एडीसी ने जिला के प्रतिभाशाली गायकों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला भाषा अधिकारी के मोबाइल नंबर 82196-24178 पर संपर्क किया जा सकता है।
एडीसी ने बताया कि फैशन शो, फ्लैश मॉब, सामूहिक लोकनृत्य झमाकड़ा, चित्रकला प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी, महिलाओं की रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर और कई अन्य गतिविधियों के माध्यम से भी होली उत्सव को ‘कलरफुल’ बनाया जाएगा। इनमें महिलाओं और जिला के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों की भी अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।




