करंट ने छीन ली व्यक्ति की जान, परिवार में मातम

हमीरपुर:-  प्रदेश के सबसे छोटे एंव शिक्षित जिला हमीरपुर से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया। बड़सर उपमंडल के बाहल ठाकरु गांव में एक 50 वर्षीय व्यक्ति की बिजली का फ्यूज ठीक करते समय करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान रविंद्र कुमार के रूप में हुई है।

 

अंधेरे को दूर करने की कोशिश बन गई जानलेवा

मंगलवार रात करीब 9:30 बजे गांव की बिजली अचानक चली गई, जिससे पूरा इलाका अंधेरे में डूब गया। ऐसे में रविंद्र कुमार खुद ही समस्या को ठीक करने के लिए आगे आए। वे बिजली के पोल के पास पहुंचे और फ्यूज चेक करने के लिए खंभे पर चढ़ने लगे।

 

लेकिन इसी दौरान वे हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गए। झटका इतना तेज था कि वे सीधे नीचे गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन उनकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी।

 

अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम

घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिझड़ी लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी सांसें थम चुकी थीं।

 

पुलिस जुटी जांच में 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है कि यह हादसा तकनीकी खराबी की वजह से हुआ या मानवीय गलती के कारण।

 

परिवार में शोक की लहर

रविंद्र कुमार को गांव में एक मिलनसार और मददगार इंसान के रूप में जाना जाता था। उनकी अचानक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। लोग उनके इस जज्बे को याद कर रहे हैं कि वे हमेशा दूसरों की मदद के लिए तैयार रहते थे।

 

[post-views]