




हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर के मार्गदर्शन में संचालित प्रयास संस्था द्वारा जनसेवा के अंतर्गत मंडल समीरपुर में गरीब एवं असहाय लोगों को कंबल वितरित किए गए। यह कार्यक्रम भाजपा अध्यक्ष अभयवीर सिंह लवली की अगुवाई में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोग उपस्थित रहे। संस्था की ओर से कंबलों का वितरण कर जरूरतमंद परिवारों को राहत प्रदान की गई। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक सरोकार से जुड़ा सराहनीय प्रयास बताया।

इस अवसर पर अभयवीर सिंह लवली ने कहा कि यह माननीय अनुराग ठाकुर जी की प्रेरणा और सेवा भावना का परिणाम है कि प्रयास संस्था लगातार समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी प्रयास संस्था द्वारा “सांसद स्वास्थ्य मोबाइल सेवा” के माध्यम से प्रत्येक गांव एवं पंचायत स्तर पर पहुंचकर गरीबों और बुजुर्गों का निःशुल्क उपचार किया जा रहा है, जिससे हजारों लोगों को लाभ मिला है।
लवली ने अनुराग ठाकुर जी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने क्षेत्र के युवाओं को सशक्त बनाने के लिए भी अनेक ठोस कदम उठाए हैं। युवाओं के लिए आधुनिक जिम की सुविधा, खेल मैदानों का विकास, सोलर लाइटों की स्थापना तथा विभिन्न खेल सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित करवाई गई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
इन प्रयासों से युवाओं में खेल और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ी है तथा उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का उचित मंच प्राप्त हुआ है।
उन्होंने आगे कहा कि “एक से श्रेष्ठ योजना” के तहत गरीब बच्चों की शिक्षा में सहयोग प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का कार्य भी निरंतर किया जा रहा है।
प्रयास संस्था केवल सहायता प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के कमजोर वर्ग को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में सतत कार्य कर रही है।
अभयवीर सिंह लवली ने विश्वास व्यक्त किया कि अनुराग ठाकुर जी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में प्रयास संस्था भविष्य में भी इसी प्रकार सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ कार्य करती रहेगी।


















