अनुराग ठाकुर का राहुल गांधी पर तीखा हमला

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- जिला हमीरपुर में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश शहरी प्रकोष्ठ की बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश भर से आए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

 

पीएम का विरोध करते-करते देश का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विरोध कर रहे हैं राहुल : अनुराग ठाकुर

 

उन्होंने कांग्रेस सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर सरकार की कथित विफलताओं को उजागर करें। बैठक में हमीरपुर सदर के विधायक आशीष शर्मा, बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल सहित अन्य वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा आगामी रणनीति को लेकर मंथन किया गया।

मीडिया से बातचीत में अनुराग सिंह ठाकुर ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करते-करते अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ठाकुर ने कहा कि यह आचरण देशहित में नहीं है और राहुल गांधी को इस पर देश से माफी मांगनी चाहिए।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एआई और नई तकनीकों का विरोध कर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नहीं चाहती कि देश के युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में रोजगार के अवसर मिलें।

 

 

 

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि कांग्रेस विकास और तकनीकी प्रगति में बाधा डालने का काम कर रही है।

 

प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के कार्यकाल में प्रदेश पर लाखों-करोड़ों रुपये का कर्ज चढ़ गया है। उन्होंने दावा किया कि महिलाओं और युवाओं को झूठे वादों के जरिए गुमराह किया गया।

 

 

उन्होंने कहा कि अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए कांग्रेस सरकार केंद्र पर आरोप लगा रही है, जिसे भाजपा बेनकाब करेगी।

 

अनुराग सिंह ठाकुर ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत प्रदेश को 1 लाख 62 हजार करोड़ रुपये की राशि प्रदान की गई है।

 

उन्होंने सवाल उठाया कि भारी कर्ज लेने के बावजूद प्रदेश में विकास कार्य दिखाई क्यों नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस सरकार से इस संबंध में जवाब देने की मांग की।

 

बैठक में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का निर्णय किया।

 

कार्यक्रम के अंत में पार्टी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर आगामी चुनावों में मजबूती से उतरने की रणनीति पर बल दिया।

 

 

[post-views]