




शिमला /विवेकानंद वशिष्ठ :- स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) शिमला जिला इकाई द्वारा जिले के विभिन्न महाविद्यालयों संजौली , RKMV , कोटशेरा , संध्याकालीन विभाग , रामपुर , ठियोग , आनी , कोटि, धामी , करसोग में छात्र-छात्राओं की लंबित मांगों को लेकर प्रधानाचार्यों को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान SFI के प्रतिनिधिमंडल ने छात्रों से संवाद कर उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना तथा प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखा।

ज्ञापन में मुख्य रूप से निम्नलिखित मांगें शामिल रहीं:
1. मुफ्त बस सुविधा की व्यवस्था:-
दूरदराज़ क्षेत्रों से आने वाले छात्रों को प्रतिदिन आवागमन में भारी आर्थिक बोझ का सामना करना पड़ता है। बढ़ते किरायों के कारण कई विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति प्रभावित हो रही है। SFI ने मांग की कि छात्रों के लिए मुफ्त या रियायती बस पास की सुविधा तुरंत लागू की जाए, ताकि आर्थिक तंगी किसी भी विद्यार्थी की शिक्षा में बाधा न बने।




2. कैंटीन की दरों में कमी और पारदर्शिता:-





महाविद्यालय कैंटीनों में खाद्य पदार्थों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ रहा है। संगठन ने मांग की कि कैंटीन की रेट लिस्ट प्रशासन द्वारा निर्धारित की जाए, उसे सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया जाए तथा समय-समय पर निगरानी कर उचित दरें सुनिश्चित की जाएं।


3. हॉस्टल सुविधा का विस्तार:-


कई विद्यार्थियों को पर्याप्त हॉस्टल सुविधा न होने के कारण निजी आवासों में महंगे किराए पर रहना पड़ता है। SFI ने छात्र-छात्राओं के लिए सुरक्षित, सुलभ और किफायती हॉस्टल व्यवस्था उपलब्ध करवाने की मांग उठाई। साथ ही, मौजूदा हॉस्टलों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।


4. शौचालयों की नियमित साफ-सफाई:-
महाविद्यालय परिसरों में शौचालयों की साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं है, जिससे छात्र-छात्राओं को असुविधा और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। संगठन ने नियमित सफाई, पानी की उपलब्धता और स्वच्छता की निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की।
SFI द्वारा यह मांग उठाई है कि ये मांगें छात्रों की बुनियादी जरूरतों से जुड़ी हैं और इनका समाधान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। SFI ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन जिला भर में सभी छात्रों को संगठित करते हुए छात्र मांगो को लेकर आंदोलन शुरू करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

अंत में SFI ने महाविद्यालय प्रशासन से अपील की , कि छात्र हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मांगों पर त्वरित निर्णय लिया जाए, ताकि शिक्षा का वातावरण सुचारू और सुविधाजनक बनाया जा सके।
प्रशासन जल्द से जल्द इन मांगो पर कार्यवाही करे ताकि किसी भी छात्र को महाविद्यालय में दिक्कतों का सामना न करना पड़े ।




