भारत–यूरोपीय संघ संसदीय मैत्री समूह के ग्रुप लीडर बने: अनुराग ठाकुर

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- पूर्व केंद्रीय मंत्रिमंडल मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर को ब्रसेल्स संसदीय मैत्री समूह में भारत–यूरोपीय संघ संसद समूह का ग्रुप लीडर नियुक्त किया गया है।

 

संसदीय कूटनीति को मिलेगी नई मजबूती: विक्रमजीत सिंह बन्याल

 

जिला मीडिया प्रभारी विक्रमजीत सिंह बन्याल ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए जानकारी दी कि यह नियुक्ति लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की उस नई पहल के तहत की गई है, जिसके अंतर्गत 60 से अधिक देशों के साथ संसदीय मैत्री समूहों का गठन किया जा रहा है।

 

इस पहल का उद्देश्य सांसदों को विश्व के विभिन्न देशों के अपने समकक्षों से सीधे संवाद का अवसर प्रदान करना, विधायी अनुभवों का आदान-प्रदान करना तथा नियमित संवाद और सर्वोत्तम संसदीय प्रक्रियाओं के साझा माध्यम से संसदीय कूटनीति को सशक्त बनाना है।

 

भारत–यूरोपीय संघ संसदीय मैत्री तंत्र के माध्यम से यूरोपीय संघ के सदस्य देशों के साथ भारत के संबंधों को और अधिक मजबूती मिलने की अपेक्षा है, जिससे वैश्विक महत्व के विषयों पर सहयोग को नई गति मिलेगी।

 

उल्लेखनीय है कि ऑपरेशन सिंदूर के पश्चात मई 2025 में हुए अंतरराष्ट्रीय संपर्क अभियान के दौरान अनुराग सिंह ठाकुर, सुप्रिया सुले के नेतृत्व में गए बहुदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा रहे।

 

प्रतिनिधिमंडल ने कतर, साउथ अफ्रीका, इथियोपिया तथा मिस्र का दौरा कर आतंकवाद के विरुद्ध भारत की एकजुट और स्पष्ट नीति से अवगत कराया तथा वहां की संसदों, थिंक-टैंकों और भारतीय प्रवासी समुदाय से संवाद किया।

 

भारत–यूरोपीय संघ संसदीय मैत्री समूह के ग्रुप लीडर के रूप में उनकी नियुक्ति को भारत की संसदीय कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय सहभागिता में उनकी सक्रिय भूमिका की मान्यता के रूप में देखा जा रहा है।

[post-views]